Chhattisgarh Census 2027 : जनगणना ड्यूटी में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले पर रोक, सरकार ने जारी किया आदेश

25 जनवरी से शुरू होगा जनगणना का दूसरा चरण, अगले छह महीने या प्रक्रिया पूरी होने तक स्थानांतरण नहीं कर सकेंगे ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। कर्मचारियों के प्रशिक्षण और अन्य व्यवस्थाओं के बीच राज्य सरकार ने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। अब जनगणना ड्यूटी में तैनात कर्मियों का अगले छह महीने अथवा जनगणना का कार्य पूरा होने तक तबादला नहीं किया जा सकेगा।
इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने 2 नवंबर को आदेश जारी किया है।
जनगणना कार्य प्रभावित न हो, इसलिए लिया फैसला
आदेश के अनुसार, राज्य में जनगणना की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति की जा रही है। साथ ही उनके कार्य और जिम्मेदारियां भी निर्धारित की जा रही हैं। ऐसे में जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों का स्थानांतरण होने से प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
सभी विभागों और कलेक्टरों को निर्देश
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी संबंधित विभागों, मंत्रालय, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को आदेश की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के बाद जनगणना कार्य में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर फिलहाल रोक लग गई है।
25 जनवरी 2027 से शुरू होगा दूसरा चरण
देश में जनगणना का दूसरा चरण 25 जनवरी 2027 से शुरू होकर 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। इसे लेकर छत्तीसगढ़ में भी प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के साथ जनगणना से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।






