छत्तीसगढ़

Mahadev Satta App Case : ओमान से भारत लाया गया सौरभ चंद्राकर, आज रायपुर की विशेष CBI कोर्ट में होगी पेशी

Advertisement

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी और महादेव एप सिंडिकेट के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित कर लिया गया है। CBI की विशेष टीम उसे भारत लेकर पहुंची है। अब आज 2 नवंबर को उसे रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाएगा। CBI के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर दो मामलों में वांछित है, जिनमें आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं। इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक मामले में भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल की गई है।

इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ओमान में हिरासत

CBI की ओर से 1 नवंबर 2026 को जारी जानकारी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसी के आधार पर उसकी तलाश करते हुए रॉयल ओमान पुलिस ने उसे ओमान में हिरासत में लिया था।

इसके बाद CBI और ED ने उसके खिलाफ जुटाए गए साक्ष्यों के साथ ओमान सरकार को औपचारिक प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजा। भारत सरकार की विभिन्न एजेंसियों, इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो और ओमान के संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई। अनुमति मिलने के बाद CBI की विशेष टीम मस्कट पहुंची और सौरभ चंद्राकर को भारत लेकर आई।

विदेश से संचालित हो रहा था करोड़ों का अवैध सट्टेबाजी सिंडिकेट

CBI ने छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े मामलों की जांच अपने हाथ में ली थी। जांच में सामने आया कि महादेव ऑनलाइन बुक देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट में शामिल था, जिसका संचालन भारत के बाहर से किया जा रहा था।

इस प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश के खेल और अन्य आयोजनों पर अवैध सट्टेबाजी कराई जाती थी। इसके लिए देशभर में फ्रेंचाइजी आधारित पैनल और शाखाओं का नेटवर्क तैयार किया गया था। इनके माध्यम से लोगों को जोड़ा जाता था और उनसे सट्टे की रकम वसूली जाती थी।

म्यूल बैंक खातों और हवाला के जरिए विदेश भेजी जाती थी रकम

जांच एजेंसी के मुताबिक, अवैध सट्टेबाजी से अर्जित रकम को बड़ी संख्या में म्यूल बैंक खातों के जरिए अलग-अलग लेनदेन में घुमाया जाता था। इसके बाद हवाला चैनलों के माध्यम से रकम विदेश भेजी जाती थी।

CBI की जांच में यह भी आरोप सामने आया कि सिंडिकेट को बिना किसी बाधा के संचालित करने के लिए अवैध कमाई का एक हिस्सा सरकारी कर्मचारियों को कथित तौर पर संरक्षण राशि के रूप में दिया जाता था।

CBI और ED ने दाखिल किए आरोपपत्र

इस मामले में CBI ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988, भारतीय दंड संहिता के तहत आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित धाराओं तथा छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत आरोपपत्र दाखिल किए हैं। सौरभ चंद्राकर इन आरोपपत्रों में नामजद प्रमुख आरोपियों में शामिल है।

वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भारत और विदेशों में स्थित उसकी कई संपत्तियां अटैच की हैं। मामले में दोनों केंद्रीय जांच एजेंसियां अपनी-अपनी जांच कर रही हैं।

आज रायपुर की विशेष CBI अदालत में होगी पेशी

CBI के अनुसार, भारत पहुंचने के बाद सौरभ चंद्राकर की मेडिकल जांच कराई जाएगी। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे रायपुर लाया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, आज 2 नवंबर को उसे रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाएगा।

CBI ने प्रत्यर्पण प्रक्रिया में सहयोग के लिए ओमान सरकार और रॉयल ओमान पुलिस का आभार जताया है। एजेंसी ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित संगठित अपराध के खिलाफ भारत की कार्रवाई में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button