छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Foundation Day 2026 : राज्य स्थापना दिवस पर PM मोदी और अमित शाह ने दी बधाई, नक्सलवाद से मुक्ति को बताया विकास की नई शुरुआत

Advertisement

रायपुर। छत्तीसगढ़ आज अपना 26वां स्थापना दिवस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकास के संकल्प के साथ मना रहा है। राज्योत्सव के इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और प्राचीन परंपराओं की सराहना करते हुए प्रदेश की विकास यात्रा पर प्रसन्नता जाहिर की।

PM मोदी ने की छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और लोक परंपराओं के लिए विशेष पहचान रखता है। प्रदेश की पुरातात्विक धरोहरें इसकी विशिष्ट पहचान हैं। यहां की लोक संस्कृति से परिपूर्ण वातावरण में एक अलग तरह का अपनापन महसूस होता है।

प्रधानमंत्री ने प्रदेश में नक्सलवाद के प्रभाव में आई कमी और विकास की गति को लेकर भी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता होती है कि नक्सलवाद की जड़ें खत्म हो गई हैं और छत्तीसगढ़ अब विकास के रास्ते पर पहले से कहीं अधिक तेजी से आगे बढ़ रहा है।

अमित शाह बोले- विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा छत्तीसगढ़

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी राज्योत्सव पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के दंश से मुक्त होकर विकास के नए अध्याय लिख रहा है। प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और प्राचीन परंपराएं इसकी असली पहचान हैं।

अमित शाह ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने मां दंतेश्वरी से प्रदेशवासियों की मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना करते हुए राज्य की निरंतर प्रगति की कामना की।

अटल बिहारी वाजपेयी को किया याद

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से छत्तीसगढ़ राज्य गठन का सपना साकार हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पृथक राज्य बनने से प्रदेशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को नई पहचान मिली तथा विकास की संभावनाओं के नए द्वार खुले। राज्य सरकार अटल बिहारी वाजपेयी के समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button