रायगढ़

राष्ट्रीय एकता दिवस पर रायगढ़ पुलिस ने निकाली ‘रन फॉर यूनिटी’, जिले के 22 स्थानों पर हुआ एकता परेड का सीधा प्रसारण

Advertisement

रायगढ़। लौह पुरुष एवं राष्ट्रीय एकता के शिल्पी सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर रायगढ़ जिले में पुलिस विभाग की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारियों, जवानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

पुलिस लाइन में जवानों ने लगाई एकता की दौड़

राष्ट्रीय एकता दिवस की सुबह उर्दना स्थित पुलिस लाइन में रक्षित केंद्र एवं छठवीं वाहिनी के जवानों ने संयुक्त रूप से ‘रन फॉर यूनिटी’ यानी एकता दौड़ का आयोजन किया। इसमें जिला पुलिस और सशस्त्र वाहिनी के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

दौड़ के माध्यम से जवानों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

जिले के 22 स्थानों पर हुआ एकता परेड का लाइव प्रसारण

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर रायगढ़ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 22 स्थानों पर गुजरात के एकतानगर में आयोजित विशेष ‘एकता परेड’ के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई।

मुख्य चौक-चौराहों, सामुदायिक भवनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों के साथ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एकता परेड का लाइव प्रसारण देखा। इस पहल के जरिए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जिले के अलग-अलग क्षेत्रों तक पहुंचाया गया।

पुलिस कार्यालय में एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों ने देखा प्रसारण

पुलिस कार्यालय रायगढ़ में आम नागरिकों, एनसीसी कैडेट्स और स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए विशेष रूप से लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। यहां पुलिस अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने एक साथ बैठकर गुजरात के एकतानगर से प्रसारित एकता परेड का अवलोकन किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह, निरीक्षक सुखनंदन पटेल सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में विद्यार्थी और आम नागरिक उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर रायगढ़ पुलिस की इन गतिविधियों के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के एकता और अखंडता के विचारों को याद किया गया। पुलिस जवानों से लेकर स्कूली विद्यार्थियों और आम नागरिकों तक की सहभागिता ने राष्ट्रीय एकता के संदेश को व्यापक स्वरूप दिया।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button