Chhattisgarh Rajyotsav 2026: आज से शुरू होगा छत्तीसगढ़ राज्योत्सव, अमित शाह करेंगे समापन, जानें तीनों दिन के मुख्य अतिथि

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज 1 नवंबर से तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 का भव्य आगाज होने जा रहा है। नवा रायपुर अटल नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड) में 1 से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस समारोह में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जनसामर्थ्य और विकास की उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी।
इस वर्ष राज्योत्सव की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। इसके माध्यम से महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और युवाओं के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसरों को प्रमुखता दी जाएगी।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे राज्योत्सव का शुभारंभ
तीन दिवसीय राज्योत्सव का शुभारंभ 1 नवंबर को होगा। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनकी उपस्थिति में राज्योत्सव के तीन दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत होगी।
2 नवंबर को राज्यपाल रमेन डेका होंगे मुख्य अतिथि
राज्योत्सव के दूसरे दिन यानी 2 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दिन राजधानी नवा रायपुर के साथ प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भी जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
3 नवंबर को अमित शाह करेंगे भव्य समापन
राज्योत्सव के अंतिम दिन 3 नवंबर को भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह होंगे। उनकी उपस्थिति में तीन दिवसीय राज्योत्सव का समापन होगा।
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी इस बार की थीम
इस वर्ष राज्योत्सव की थीम प्रदेश के विकास में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी को केंद्र में रखकर तैयार की गई है। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ के माध्यम से महिला स्वावलंबन, आर्थिक आत्मनिर्भरता और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को रेखांकित किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने का यह उत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, विकास यात्रा और भविष्य के संकल्पों को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा।






