पीएम किसान सम्मान निधि किसानों के लिए आर्थिक संबल, छोटे और सीमांत किसानों को मिल रही मदद : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनकी खेती-किसानी से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने किसानों के हित में कई दूरगामी निर्णय लिए हैं। पीएम किसान सम्मान निधि योजना इसका सशक्त उदाहरण है। यह बात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में पहुंची 18,690 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी करते हुए देश के 9 करोड़ 34 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की।
छोटे और सीमांत किसानों को मिल रहा आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को खेती-किसानी की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण योजना है। विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों को इससे आर्थिक संबल मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से किसानों को मिलने वाली सहायता कृषि संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित हो रही है। सीधे बैंक खातों में राशि पहुंचने से पात्र किसान परिवारों को आर्थिक सहयोग मिलता है।
पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने के साथ ही देशभर के करोड़ों किसानों को आर्थिक सहायता मिली है। केंद्र सरकार की इस योजना के जरिए किसानों को नियमित सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है।






