छत्तीसगढ़

रायपुर में 18, 19 और 20 साल के युवकों ने सूने मकान को बनाया निशाना, चोरी के जेवर और छह घड़ियों के साथ तीन गिरफ्तार

Advertisement

रायपुर। राजधानी रायपुर में कम उम्र के तीन युवकों ने चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की चिंता बढ़ा दी। महज 18, 19 और 20 साल के इन युवकों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार कर दी। हालांकि, रायपुर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवर, छह घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक बरामद की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।

सूने मकान का ताला तोड़कर की चोरी

पुलिस के मुताबिक, डंगनिया निवासी स्वरोचिष मिश्रा ने डी.डी. नगर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर 2026 की रात वह अपने घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। 23 अक्टूबर की सुबह जब वापस लौटे तो घर के दरवाजों के ताले टूटे हुए मिले।

घर के अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी और उसका लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। शिकायत पर डी.डी. नगर थाने में अपराध क्रमांक 676/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

CCTV फुटेज और मुखबिरों से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शिकायतकर्ता और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई। चोरी और नकबजनी के पुराने मामलों में शामिल रहे आरोपियों तथा हाल ही में जेल से बाहर आए संदिग्धों की गतिविधियों की भी जांच की गई।

पुराने आरोपी लक्की से पूछताछ में खुला राज

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मोती नगर, टिकरापारा निवासी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी को कुछ अन्य युवकों के साथ वारदात स्थल के आसपास देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में देखा गया था।

पुलिस ने यशवंत की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसने अपने दो साथियों शेख मोसिन उर्फ अलताफ और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

सोने-चांदी के जेवर, छह घड़ियां और पल्सर बाइक जब्त

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और छह घड़ियां बरामद की हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक क्रमांक CG 07 LY 4432 भी जब्त की गई है। बरामद आभूषण, घड़ियों और बाइक सहित कुल जब्ती की कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये आंकी गई है।

दो आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीन आरोपियों में से दो का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी पूर्व में टिकरापारा थाना क्षेत्र के लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं, शेख मोसिन उर्फ अलताफ के खिलाफ भी चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज रहे हैं, जिनमें वह जेल में रह चुका है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button