Raigarh News : दिवाली से पहले पटाखा दुकानों की होगी नियमित जांच, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने दिए सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

रायगढ़। दीपावली त्योहार को देखते हुए जिले में पटाखा दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने संबंधित अधिकारियों को पटाखा दुकानों का नियमित निरीक्षण करने और अग्निशमन सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना रोकने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम होने चाहिए।
कलेक्टर आज समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
पेट्रोल पंपों के शौचालयों का होगा नियमित निरीक्षण
बैठक में पेट्रोल पंपों पर शौचालय बंद रहने की शिकायतों पर भी कलेक्टर ने संज्ञान लिया। उन्होंने खाद्य अधिकारी को पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक पेट्रोल पंप पर स्वच्छ और सभी के लिए सुलभ शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए।
इसके साथ ही नगरीय निकायों के अंतर्गत स्थापित व्यावसायिक परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने और नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश
समय-सीमा की बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागीय अधिकारी संबंधित पोर्टल का नियमित अवलोकन करें और लंबित शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।






