रायगढ़

Kharsia Robbery Case : खरसिया में 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला से मारपीट कर लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, हथौड़ी और बाइक जब्त

Advertisement

रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े देवगांव में घर में अकेली रह रही 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने उधारी के पैसे नहीं मिलने पर लूट की योजना बनाई थी। विरोध करने पर उसने महिला के सिर और हाथों पर बांस के डंडे से हमला कर दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हथौड़ी, बांस का डंडा, मोटरसाइकिल और 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

घर में घुसकर आलमारी और संदूक से लूटे थे जेवरात

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़े देवगांव निवासी रामबाई साहू (62 वर्ष), पति स्वर्गीय धर्मेंद्र साहू ने 1 नवंबर 2026 को अपने परिजनों के साथ खरसिया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।

पीड़िता ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने कमरे में सो रही थी। रात लगभग 1:30 बजे नींद खुलने पर उसने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति घर की आलमारी से सामान निकाल रहा है। विरोध करने पर आरोपी ने बांस के डंडे से उसके सिर और दोनों हाथों पर हमला कर दिया। इसके बाद आलमारी और संदूक में रखे 30 हजार रुपये नकद, करीब 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवरात लेकर फरार हो गया।

पीड़िता की शिकायत पर खरसिया थाने में अपराध क्रमांक 570/2026 के तहत धारा 309(6), 331(6) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

संदिग्ध के हुलिए से मिला सुराग, पुलिस ने दबोचा

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव और थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव को आरोपी की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पीड़िता और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान पता चला कि घटना की रात ग्राम बड़े देवगांव में डेमलाल उरांव के यहां ग्राम बोरदी से आए नागेश गवेल का हुलिया संदिग्ध था। पुलिस ने संदेही नागेश कुमार गवेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने वारदात करना स्वीकार कर लिया।

उधारी नहीं मिली तो बनाई लूट की योजना

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात वह अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल से डेमलाल उरांव के घर 4,500 रुपये उधार मांगने गया था। रुपये नहीं मिलने पर वह वापस लौट आया। इसके बाद मेन रोड स्थित सामुदायिक भवन के पास उसने लूटपाट की योजना बनाई।

आरोपी को जानकारी थी कि रामबाई साहू घर में अकेली रहती हैं और उनके मकान में पुट्टी एवं पोताई का काम चल रहा है। इसी का फायदा उठाकर वह रात में घर के गेट पर चढ़कर अंदर घुस गया। इसके बाद हथौड़ी से आलमारी और संदूक तोड़कर नकदी एवं जेवरात निकालने लगा।

संदूक से आवाज होने पर महिला जाग गई और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने बांस के डंडे से उनके सिर और दोनों हाथों पर हमला कर दिया और लूटे गए सामान के साथ मोटरसाइकिल से फरार हो गया।

हथौड़ी, डंडा और मोटरसाइकिल जब्त

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल हथौड़ी, बांस का डंडा और मोटरसाइकिल जब्त की है। उसके कब्जे से 3 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। हालांकि, शेष लूटी गई नकदी और सोने-चांदी के जेवरात की तलाश के दौरान आरोपी द्वारा बताए गए स्थान से उनकी बरामदगी नहीं हो सकी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button