केलो विहार के किराये के मकान में देह व्यापार का खुलासा, संचालक गोविंद साहू गिरफ्तार

रायगढ़। शहर में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर पुलिस ने केलो विहार स्थित एक किराये के मकान में दबिश देकर कथित रूप से देह व्यापार संचालित करने वाले 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी बोईरदादर विजयपुर का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से ग्राहकों से मिली 2 हजार रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बनाई योजना
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को सूचना मिली थी कि गोविंद साहू केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराये पर लेकर युवतियों से अनैतिक देह व्यापार करा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर थाना की टीम गठित की गई।
पाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा, फिर दी दबिश
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मकान की घेराबंदी की और एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर अंदर भेजा। निर्धारित संकेत मिलते ही पुलिस ने मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां गोविंद साहू मिला। वहीं, एक कमरे में युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद हुईं।
युवती के बयान के आधार पर आरोपी पर कार्रवाई
पुलिस की पूछताछ में युवती ने बताया कि गोविंद साहू रुपये देकर उसे इस अनैतिक गतिविधि के लिए लाया था। वहीं, आरोपी ने पैसों की आवश्यकता के चलते इस गतिविधि में शामिल होना स्वीकार किया।
अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।





