ऑपरेशन अंकुश: केलो विहार में देह व्यापार का भंडाफोड़, संचालक गोविंद साहू गिरफ्तार

ग्राहक बनाकर पुलिस ने भेजा पाइंटर, संकेत मिलते ही किराये के मकान में मारी दबिश; 2 हजार रुपये नकद और मोबाइल जब्त
रायगढ़। जिले में अवैध और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस ने केलो विहार में अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने किराये के मकान में देह व्यापार संचालित करने के आरोप में 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर बनाई कार्रवाई की योजना
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराये पर लेकर युवती के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रहा है। सूचना मिलने पर सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर पुलिस की टीम गठित की गई।
ग्राहक बनकर पहुंचा पाइंटर, संकेत मिलते ही दबिश
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से मकान की घेराबंदी कर एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर अंदर भेजा। निर्धारित संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी गोविंद साहू मिला। वहीं, एक कमरे में युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुईं।
युवती के बयान के बाद आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे रुपये देकर अनैतिक कार्य के लिए लाया था। वहीं, आरोपी ने पूछताछ में पैसों की आवश्यकता के चलते इस गतिविधि में शामिल होने की बात कही। पुलिस ने मौके से ग्राहकों से प्राप्त 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी गोविंद साहू के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में की गई। इसमें थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक गेंदलाल, उपनिरीक्षक संजय नाग साहू, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हर्ष चंद्राकर, मनीषा ध्रुवे, सहायक उपनिरीक्षक भागीरथी चौधरी, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, महिला आरक्षक जेनिपा पन्ना एवं प्रीति यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में किसी भी प्रकार की अवैध और अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अनैतिक देह व्यापार, मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर पुलिस की लगातार निगरानी है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।





