तमनार में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार भाई-बहन को कुचला, दोनों की मौके पर मौत

जेएसपीएल तमनार गेट के पास हुआ भीषण हादसा, मिलूपारा निवासी युवक-युवती की गई जान; डंपर जब्त कर जांच में जुटी पुलिस
रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में जेएसपीएल तमनार गेट के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना को लेकर मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
रायगढ़ जाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिलूपारा निवासी घनश्याम डनसेना (22) और कुंती डनसेना (25) मोटरसाइकिल से अपने निजी काम के सिलसिले में रायगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान जेएसपीएल तमनार गेट के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
दोनों मृतक एक ही परिवार के
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान घनश्याम डनसेना, पिता परमेश्वर डनसेना और कुंती डनसेना, पिता परमेश्वर डनसेना, निवासी मिलूपारा के रूप में हुई है। दोनों की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों में भी भारी नाराजगी देखी जा रही है।
डंपर जब्त, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





