रायगढ़

13 नवंबर को रायगढ़ में मनाया जाएगा शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्मृति शौर्य दिवस, 40 शहीद परिवारों का होगा सम्मान

Advertisement
Advertisement Carousel

सुबह श्रद्धांजलि कार्यक्रम और चित्रकला-निबंध लेखन उत्सव, शाम को सैनिक स्कूल व NDA में चयनित विद्यार्थियों को भी किया जाएगा सम्मानित

रायगढ़। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की पांचवीं शहादत वर्षगांठ पर 13 नवंबर को रायगढ़ में शौर्य दिवस का आयोजन किया जाएगा। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धांजलि सभा, स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला एवं निबंध लेखन उत्सव और छत्तीसगढ़ के 40 शहीद सैनिक परिवारों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही सैनिक स्कूल और भारतीय रक्षा अकादमी (NDA) में प्रवेश पाने वाले जिले के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

मणिपुर आतंकी हमले में शहीद हुए थे कर्नल विप्लव त्रिपाठी

13 नवंबर 2021 को मणिपुर में हुए आतंकी हमले में 46 असम राइफल्स के तत्कालीन कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विप्लव त्रिपाठी अपने चार जवानों, पत्नी अनुजा और नन्हे बेटे अबीर के साथ शहीद हो गए थे। इस घटना ने रायगढ़ सहित पूरे देश को झकझोर दिया था। शहीद के माता-पिता सुभाष एवं आशा त्रिपाठी ने इस असहनीय दुख के बीच उनकी स्मृतियों को जीवित रखने और देशभक्ति की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट की स्थापना की।

सुबह प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि, फिर बच्चों का आयोजन

ट्रस्ट की बैठक में सर्वसम्मति से इस वर्ष भी 13 नवंबर को शौर्य दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह मिनी स्टेडियम में स्थापित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की जाएगी। इसके बाद सर्किट हाउस रोड स्थित पुष्प वाटिका बाल उद्यान में स्थापित बाल शहीद अबीर की प्रतिमा पर भी श्रद्धांजलि दी जाएगी।

इसके पश्चात सुबह 9 बजे से कमला नेहरू गार्डन में स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला एवं निबंध लेखन उत्सव आयोजित होगा। इसमें 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

छत्तीसगढ़ के 40 शहीद परिवारों का होगा सम्मान

शौर्य दिवस के शाम के सत्र में छत्तीसगढ़ के भारतीय सेना के 40 शहीद परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में ट्रस्ट ने रायगढ़ जिले के 14 शहीद परिवारों को सम्मानित किया था। इस वर्ष सम्मान का दायरा बढ़ाते हुए प्रदेशभर के परिवारों को इसमें शामिल किया गया है।

सैनिक स्कूल और NDA में चयनित विद्यार्थी भी होंगे सम्मानित

13 नवंबर को शाम के कार्यक्रम में वर्ष 2025 और 2026 में प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर सैनिक स्कूल तथा भारतीय रक्षा अकादमी (NDA) में प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया जाएगा। यदि किसी कारणवश विद्यार्थी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाते हैं, तो उनके माता-पिता सम्मान ग्रहण कर सकेंगे। सम्मान समारोह शाम 6:30 बजे से आयोजित होगा।

राज्यपाल, मुख्यमंत्री और वित्तमंत्री को आमंत्रण

चित्रकला एवं निबंध लेखन उत्सव में शामिल होने के लिए ट्रस्ट की ओर से राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्तमंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी को आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम में 28वीं बटालियन एनसीसी, राष्ट्रीय सेवा योजना, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, पूर्व सैनिक संगठन, दिव्य शक्ति, अग्रसेन सेवा संघ, काव्य वाटिका, साहित्य एवं सांस्कृतिक संस्थान स्पंदन, जेसीआई, बजरंग दल, अमेचर कबड्डी संघ, संस्कार पब्लिक स्कूल, प्रेस क्लब, इप्टा, प्रगतिशील लेखक संघ, बैंकर्स एसोसिएशन (रिटायर्ड), कहानीबाज़ थियेटर सोसायटी और गुड़ी सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान सहित विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता रहेगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button