रायगढ़

Operation Aaghat : रायगढ़ में अवैध महुआ शराब पर पुलिस का बड़ा एक्शन, दो पुरुषों सहित महिला गिरफ्तार; 56 लीटर शराब जब्त

Advertisement

रायगढ़। जिले में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत 2 नवंबर 2026 को घरघोड़ा और तमनार पुलिस ने अलग-अलग गांवों में दबिश देकर अवैध महुआ शराब बिक्री के तीन मामलों में दो पुरुषों और एक महिला को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 56 लीटर महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 11,200 रुपये बताई गई है।

आमापाली में 30 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोहड़ीडीपा, बैहामुड़ा, कंचनपुर, बहिरकेला और आमापाली क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर अवैध शराब बिक्री की सूचनाओं पर कार्रवाई की।

इस दौरान ग्राम आमापाली में पुलिस ने डिलेश्वर राठिया (30 वर्ष), पिता कुमार राठिया, निवासी आमापाली को उसके घर के पास पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से स्टील ड्रम और 10 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक बाल्टी में रखी कुल 30 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 6,000 रुपये आंकी गई है।

बैहामुड़ा में 14 लीटर शराब जब्त

दूसरी कार्रवाई ग्राम बैहामुड़ा में की गई। यहां पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सूरज चौहान (32 वर्ष), पिता मंगल सिंह चौहान, निवासी बैहामुड़ा को पकड़ा। उसके कब्जे से प्लास्टिक बोतल और जरकिन में रखी 14 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। इसकी अनुमानित कीमत 2,800 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

तमनार के बुडिया गांव में महिला के घर दबिश

इधर, तमनार पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बुडिया में एक महिला अपने घर की बाड़ी में कच्ची महुआ शराब छिपाकर बेच रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महिला के घर दबिश दी।

मौके पर महिला की पहचान मीना सबर (38 वर्ष), पति लव सबर, निवासी ग्राम बुडिया के रूप में हुई। पुलिस ने घर के पास कोला की बाड़ी के झुरमुट में छिपाकर रखी गई 12 लीटर महुआ शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 2,400 रुपये बताई गई है। महिला के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

ऑपरेशन आघात के तहत लगातार कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। घरघोड़ा और तमनार पुलिस की इस कार्रवाई में तीन आरोपियों के कब्जे से कुल 56 लीटर महुआ शराब जब्त की गई है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button