छत्तीसगढ़

Census 2027 : छत्तीसगढ़ में जनगणना कार्य से जुड़े कर्मचारियों के तबादलों पर लगेगी रोक, सरकार ने जारी किए निर्देश

Advertisement

जनगणना का दूसरा चरण जनवरी-फरवरी 2027 में होगा पूरा, आगामी 6 महीने या काम समाप्त होने तक अधिकारियों-कर्मचारियों का स्थानांतरण नहीं करने का अनुरोध; जिला स्तर से लेकर प्रगणकों तक पर लागू होगा निर्देश।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जनगणना के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना का काम प्रभावित न हो, इसके लिए सरकार ने इस कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले यथासंभव नहीं करने का अनुरोध किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने आगामी छह महीने अथवा जनगणना का कार्य पूरा होने तक, जो भी पहले हो, स्थानांतरण से बचने के निर्देश दिए हैं।

इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव मनोज कुमार जयसवार ने पत्र जारी किया है। यह पत्र सभी विभागों के भारसाधक सचिवों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को भेजा गया है।

जनवरी-फरवरी 2027 में होगा जनगणना का फील्ड कार्य

जारी पत्र के अनुसार, छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का मैदानी कार्य जनवरी और फरवरी 2027 में संपन्न किया जाना निर्धारित है। इसके लिए जिला, अनुविभाग और तहसील स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है।

विभागीय जानकारी के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2026 से जिला स्तर पर जिला जनगणना अधिकारियों तथा अनुविभागीय एवं तहसील स्तर पर चार्ज अधिकारियों का सघन प्रशिक्षण प्रारंभ हो चुका है।

दिसंबर से प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण

जनगणना कार्य को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग स्तरों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

  • 12 अक्टूबर 2026: जिला जनगणना अधिकारियों और चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू।
  • नवंबर 2026: मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
  • 1 दिसंबर 2026: फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण प्रारंभ होगा।
  • 16 दिसंबर 2026: प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा।

इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से मैदानी अमले को जनसंख्या गणना से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।

छह महीने तक तबादले नहीं करने का अनुरोध

सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दूसरे चरण का कार्य सुचारु, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के लिए प्रशिक्षित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके वर्तमान पदस्थापना स्थल पर बनाए रखना आवश्यक है।

इसी उद्देश्य से जिला जनगणना अधिकारी, चार्ज अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणक, पर्यवेक्षक सहित जनगणना कार्य में संलग्न अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों का आगामी छह महीने अथवा जनगणना कार्य पूरा होने तक, जो भी पहले हो, यथासंभव स्थानांतरण नहीं करने का अनुरोध किया गया है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button