Mahtari Vandan Yojana 33rd Installment : महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त आज होगी जारी, 67.40 लाख महिलाओं के खातों में आएंगे ₹632.63 करोड़

Chhattisgarh Mahtari Vandan Yojana : छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए दीपावली से पहले बड़ी खुशखबरी है। महतारी वंदन योजना की नवंबर माह की 33वीं किस्त का अंतरण 3 नवंबर 2026 को राज्योत्सव समारोह के दौरान किया जाएगा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य मंच से राशि जारी करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
67 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ
योजना के तहत प्रदेश की कुल 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये अंतरित किए जाएंगे।
इसमें ई-केवाईसी पूरी करा चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राही शामिल हैं। वहीं, नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को योजना की 13वीं किस्त की राशि दी जाएगी।
32 किस्तों में अब तक मिल चुके हैं 20,717 करोड़ रुपये
छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को हुई थी। योजना की पहली किस्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों जारी की गई थी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब तक 32 किस्तों के माध्यम से महिलाओं को कुल 20,717.87 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। 33वीं किस्त जारी होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 21,350.50 करोड़ रुपये हो जाएगा।
पोर्टल और मोबाइल ऐप से देख सकेंगी भुगतान की स्थिति
महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी योगदान दे रही हैं।
हितग्राही महिलाएं अपनी किस्त के भुगतान की स्थिति और योजना से जुड़ी अन्य जानकारी आधिकारिक पोर्टल mahtarivandan.cgstate.gov.in तथा प्ले स्टोर पर उपलब्ध मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकती हैं।






