CM Vishnu Deo Sai : राहुल गांधी पर मुख्यमंत्री साय का पलटवार, बोले- उनकी बातों में अब कोई दम नहीं; कांग्रेस मुद्दाविहीन

अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे पर कांग्रेस के सवालों का भी दिया जवाब, नक्सलवाद को लेकर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना; रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में प्रदेश की योजनाओं की भी दी जानकारी।
रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस की ओर से दौरे को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया है। वहीं राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर भी मुख्यमंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बातों में अब कोई दम नहीं रह गया है और कांग्रेस सहित पूरा विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है।
राहुल गांधी के बयान पर CM साय का पलटवार
दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान राहुल गांधी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदेशी ताकतों के जरिए प्रधानमंत्री बनाए जाने की बात कही थी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राहुल गांधी की बातों में अब कोई दम नहीं रह गया है। जब कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचता, तब इस तरह की बातें करके देश की जनता को भड़काने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब जानती है और अब ऐसे बयानों से प्रभावित होने वाली नहीं है।
अमित शाह के दौरे पर कांग्रेस के सवालों का दिया जवाब
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर भी मुख्यमंत्री ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस तरह के सवाल पूछने का कोई अधिकार नहीं है।
सीएम साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ाई नहीं लड़ी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के असहयोगात्मक रवैये के कारण छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद लंबे समय तक पनपता रहा।
दिल्ली दौरे में रिन्यूएबल एनर्जी एक्सपो में हुए शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दिल्ली दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि वे भारत मंडपम में आयोजित इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी एक्सपो 2026 में शामिल हुए थे। इस दौरान ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों और आधुनिक तकनीकों को लेकर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ भी इस दिशा में अपना योगदान दे रहा है। प्रदेश में कुल ऊर्जा खपत का 15 प्रतिशत हिस्सा रिन्यूएबल एनर्जी से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
खैरा गांव बना सौर ऊर्जा का उदाहरण
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि राजनांदगांव जिले के खैरा गांव के सभी घरों में सोलर पैनल लगाए गए हैं। यह गांव स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण बन रहा है।






