Raigarh Police Alert : धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में बढ़ेगी सुरक्षा, चोरी-जेबकटमारी रोकने SSP शशि मोहन सिंह ने दिए सख्त निर्देश

रायगढ़। धनतेरस और दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। त्योहारी खरीदारी के दौरान चोरी, जेबकटमारी, झपटमारी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस ने प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की तैयारी की है।
बाजारों में होगी नियमित सशस्त्र पेट्रोलिंग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नियमित सशस्त्र पेट्रोलिंग के साथ विजुअल पुलिसिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा है, ताकि बाजारों में पुलिस की मौजूदगी बनी रहे।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी पुलिस की नजर
त्योहारी भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व चोरी, जेबकटमारी और झपटमारी जैसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस बाजारों में लगातार निगरानी रखेगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।



