Chhattisgarh Accident: धनतेरस पर छत्तीसगढ़ में चार लोगों की मौत, बेमेतरा में भीषण सड़क हादसा तो बलौदाबाजार में करंट से पिता-पुत्र की गई जान

धनतेरस की खुशियां छत्तीसगढ़ के दो परिवारों के लिए मातम में बदल गईं। बेमेतरा में तेज रफ्तार कार ने दो कारों और ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिसमें महिला और युवक की मौत हो गई। वहीं बलौदाबाजार में बिजली के करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की जान चली गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है।
छत्तीसगढ़ में धनतेरस के दिन दो अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। बेमेतरा जिले में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की जान चली गई और चार अन्य घायल हो गए। वहीं बलौदाबाजार जिले में घर की बालकनी से गुजर रही बिजली की तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे में पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
बेमेतरा में तेज रफ्तार कार ने दो कार और ट्रैक्टर को मारी टक्कर
बेमेतरा जिले में सतनाम चौक के पास नेशनल हाईवे-30 पर बेमेतरा-कवर्धा मार्ग में सुबह करीब 3:30 से 4 बजे के बीच दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार ने दो कारों और एक ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इसके बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार से जा टकराई। हादसे में एक महिला और युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान बेमेतरा निवासी लक्की देशलहरे और ग्राम सोड़ निवासी एक महिला के रूप में हुई है।
गिरौदपुरी धाम से दर्शन कर लौट रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि हादसे में प्रभावित परिवार गिरौदपुरी धाम से दर्शन कर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टक्कर मारने वाली कार का चालक कथित रूप से नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बलौदाबाजार में करंट से पिता-पुत्र की मौत
दूसरी घटना बलौदाबाजार जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र की है। यहां बिजली के करंट की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक राजू गुप्ता प्रतिष्ठित व्यापारी थे।
बताया जा रहा है कि घर की बालकनी से होकर गुजर रही विद्युत तार के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ। करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की जान चली गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



