Chhattisgarh Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ में 884 किलो गांजा जब्त, 5.92 करोड़ का नशे का सामान बरामद; 7 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने तीन जिलों में बड़ी कार्रवाई की है। कांकेर, केशकाल और जगदलपुर में दो दिनों के भीतर 884 किलो 410 ग्राम गांजा जब्त किया गया। जगदलपुर में तीन नाबालिगों समेत सात आरोपी पकड़े गए हैं, जबकि अन्य मामलों में भी पुलिस ने कार्रवाई की है।
छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पिछले दो दिनों में कांकेर, केशकाल और जगदलपुर में की गई तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 884 किलो 410 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब 5 करोड़ 92 लाख रुपये आंकी गई है। इन कार्रवाइयों में तस्करी के अलग-अलग नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
जगदलपुर में पिकअप से 476 किलो गांजा बरामद
सबसे बड़ी कार्रवाई जगदलपुर में बोधघाट थाना पुलिस ने की। 5 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की पिकअप क्रमांक CG 17 KL 0411 में गांजा भरकर कुछ लोग ओडिशा से कुरंदी होते हुए जगदलपुर की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर एसपी शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने ग्राम अड़ावाल स्थित रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान लाल रंग की बाइक पर सवार दो युवक पिकअप की पायलेटिंग करते हुए पहुंचे। उनके पीछे संदिग्ध पिकअप भी आ गई।
पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी के चलते सभी को पकड़ लिया गया।
15 बोरियों में छिपाकर रखा था गांजा
पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें रखी 15 बोरियों से 476 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, तस्करों ने गांजे को बंडलों में पैक कर बोरियों के भीतर छिपाया था, ताकि जांच के दौरान किसी को संदेह न हो।
पूछताछ में आरोपी गांजे के परिवहन और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
तीन नाबालिगों समेत सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में भगवान पांगी (25), घासी खिलो (21), चित्रसेन गल्लोरी (22), रोहणी गल्लोरी (27) और तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी ओडिशा के मलकानगिरी जिले के कोरकोंडा थाना क्षेत्र के ग्राम कोंटामाड़ी के निवासी बताए गए हैं।
आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा पिकअप वाहन, एक बाइक, छह मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर विशेष NDPS न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया है।
कांकेर और केशकाल में भी लाखों का गांजा जब्त
गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक दिन पहले कांकेर और केशकाल में भी कार्रवाई की थी।
- कांकेर: गढ़िया पहाड़ के पास पुलिस ने गांजे से भरी 70 बोरियां बरामद कीं। हालांकि, पुलिस को देखकर तस्कर मौके से फरार हो गए।
- केशकाल: पुलिस ने एक कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा जब्त किया। इस मामले में राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
तीनों मामलों में कुल 884 किलो 410 ग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 92 लाख रुपये बताई गई है।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी
ASP सुखनंदन सिंह ने बताया कि पुलिस की ओर से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गांजा तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।



