BJP Kisan Morcha : छत्तीसगढ़ के 27 हजार बूथों पर बनेंगे किसान मितान, हर बूथ पर जुड़ेंगे 10 कार्यकर्ता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा किसान मोर्चा संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की तैयारी में जुट गया है। इसके तहत प्रदेश के 27 हजार मतदान केंद्रों पर किसान मितान का गठन किया जाएगा। राजधानी रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने इसकी जानकारी दी। इस दौरान किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे।
संगठन विस्तार के लिए किसान मितान का नया प्रयोग
बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि भाजपा संगठन विस्तार के लिए नए प्रयोग कर रही है। किसान मितान के माध्यम से संगठन को मतदान केंद्र स्तर तक मजबूत किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक बूथ पर 10 कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा।
ये कार्यकर्ता किसानों से सीधे संपर्क करेंगे, उनकी समस्याओं को समझेंगे और उनकी मांगों एवं सुझावों को सरकार तक पहुंचाने का काम करेंगे।
किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाएगा संगठन
बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के हित में कई योजनाएं बनाई हैं। वहीं छत्तीसगढ़ सरकार भी भाजपा के घोषणा पत्र के अनुरूप किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से धान की खरीदी कर रही है। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र में फसल विविधीकरण (क्रॉप डाइवर्सिटी) को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
भाजपा किसान मोर्चा के इस अभियान के जरिए प्रदेश के 27 हजार मतदान केंद्रों पर संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तार करने और किसानों से सीधा संवाद स्थापित करने की योजना है।






