
लैलूंगा के भुईयांपानी में दीप महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री, गुरुदेव स्वामी धनपती पंडा को किया नमन; 7 लाख के सांस्कृतिक मंच का लोकार्पण और गांवों के विकास के लिए कई घोषणाएं
गुरुधाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना
रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दीपावली पर्व के दूसरे दिन अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम भुईयांपानी पहुंचे। यहां उन्होंने गुरुधाम में आयोजित दीप महोत्सव में शामिल होकर अपने आराध्य गुरुदेव स्वामी धनपती पंडा और श्रीमती प्रेमशीला पंडा की प्रतिमाओं के समक्ष नमन किया। इसके बाद गुरु गद्दी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। साथ ही हनुमान मंदिर, वटवृक्ष और मां दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपोत्सव का पर्व हर घर में उजियारा और हर जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं प्रेम का प्रकाश फैलाए।
दस वर्ष की उम्र से गुरुदेव के अनुयायी हैं मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुरुदेव का आशीर्वाद ही उनकी जनसेवा की सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि महज दस वर्ष की आयु से ही उनका गुरुदेव स्वामी धनपती पंडा के प्रति आध्यात्मिक और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों और निर्णयों से पहले गुरु का आशीर्वाद लेना उनकी परंपरा रही है, जिसका वे मुख्यमंत्री बनने के बाद भी पूरी श्रद्धा के साथ निर्वहन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गुरुदेव के सान्निध्य ने उन्हें सेवा, सादगी और समर्पण का मार्ग सिखाया है। उनके संस्कारों और आशीर्वाद से ही वे जनसेवा के रास्ते पर आगे बढ़ पाए हैं। गुरुदेव ने सिखाया है कि माता-पिता हमारे सबसे बड़े गुरु होते हैं। उनकी सेवा और सम्मान से ही जीवन में सच्चा आनंद और पूर्णता मिलती है।
सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मूल उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए काम कर रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब परिवारों के पक्के मकान का सपना साकार किया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित न रहे। वहीं, महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता और परिवार के निर्णयों में भागीदारी बढ़ रही है।
तीर्थ दर्शन और स्वरोजगार योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमिहीन कृषि मजदूर सहायता योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के जरिए जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर दिया जा रहा है। महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों को घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे बिजली बिल में बचत के साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु से मिल रही सरकारी सेवाएं
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शासन-प्रशासन को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए ई-गवर्नेंस प्रणाली को बढ़ावा दिया जा रहा है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के साथ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। वहीं, सेवा सेतु पोर्टल पर विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन मंच पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उद्योग, निवेश और अधोसंरचना के विकास के माध्यम से रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति से प्रदेश में निवेश की संभावनाओं का विस्तार हुआ है। सरकार का लक्ष्य विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना है।
सात लाख रुपये की लागत से बने सांस्कृतिक मंच का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम भुईयांपानी में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की योजना के तहत सात लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सांस्कृतिक मंच का लोकार्पण किया। इसके अलावा ग्रामीणों की मांग पर गांव के शिव मंदिर, गुरुमाता मंदिर, वटवृक्ष प्रांगण और हनुमान मंदिर में स्टील रेलिंग, स्टील जाली तथा टाइल्स लगाने के कार्यों की घोषणा की।
सिरकीनारा में सीसी रोड और बोरवेल निर्माण की घोषणा
मुख्यमंत्री ने ग्राम सिरकीनारा में पंचराम भगत के घर से मुख्य मार्ग तक और पंचायत भवन से मेहत्तर सिदार के घर तक सीसी रोड निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही गांधी चौक में बोरवेल और पंप स्थापित करने की भी घोषणा की गई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष ज्योति भगत, सरपंच ललिता भगत, विजय शंकर पटनायक, शांता साय, जय प्रकाश साय, सहदेव पंडा और संजय पंडा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह भी मौजूद थे।





