भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 15 नवंबर को आएंगे छत्तीसगढ़, धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहला प्रदेश दौरा, प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी भी रहेंगी मौजूद; कार्यक्रम के साथ संगठनात्मक बैठक भी होगी
मुख्यमंत्री के आमंत्रण पर छत्तीसगढ़ आएंगे नितिन नबीन
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला प्रदेश दौरा होगा। इस दौरान वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आमंत्रण पर नितिन नबीन ने इस दौरे के लिए सहमति दी है।
स्मृति ईरानी भी कार्यक्रम में रहेंगी मौजूद
नितिन नबीन के साथ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी भी कार्यक्रम में शामिल होंगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी के आगमन को लेकर पार्टी संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर भाजपा पदाधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
प्रदेश पदाधिकारियों के साथ होगी संगठनात्मक बैठक
भाजपा सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान स्मृति ईरानी राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में पिछले दौरे के दौरान हुई चर्चाओं का फीडबैक और संगठनात्मक कार्यों की प्रगति की जानकारी लेंगी।
पदाधिकारियों को मिल सकती हैं नई जिम्मेदारियां
बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों को आगामी कार्ययोजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के पहले प्रदेश दौरे को राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





