छत्तीसगढ़

रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर रॉकेट छोड़ने वाला युवक गिरफ्तार, चलती ट्रेन से भी की आतिशबाजी; वीडियो हुआ था वायरल

Advertisement
Advertisement Carousel

दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस में यात्रियों की सुरक्षा से किया खिलवाड़, वीडियो वायरल होने के बाद RPF और GRP ने की संयुक्त कार्रवाई

रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर छोड़े रॉकेट

बिलासपुर। दिवाली की रात रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच खड़े होकर रॉकेट छोड़ने और चलती ट्रेन के दरवाजे से बाहर निकलकर आतिशबाजी करने वाले युवक को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुरजीत सिंह के रूप में हुई है। दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस में हुई इस खतरनाक हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आईं और संयुक्त कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ लिया।

उसलापुर स्टेशन पर की खतरनाक हरकत

RPF पेंड्रारोड से मिली जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात सुरजीत सिंह दुर्ग से अजमेर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच में सफर कर रहा था। ट्रेन जब उसलापुर स्टेशन पहुंची तो आरोपी नीचे उतर गया और रेलवे ट्रैक के बीच खड़े होकर रॉकेट छोड़ने लगा। इसके बाद ट्रेन रवाना हुई तो उसने डिब्बे के दरवाजे से बाहर हाथ निकालकर आतिशबाजी की। उसकी इस लापरवाही से न केवल उसकी, बल्कि ट्रेन में सफर कर रहे अन्य यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।

वीडियो कॉल पर परिचितों को दिखा रहा था आतिशबाजी

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी रेलवे ट्रैक पर रॉकेट छोड़ते समय वीडियो कॉल के जरिए अपने परिचितों को इस हरकत का लाइव वीडियो दिखा रहा था। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों ने उसकी पूरी करतूत अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

बिलासपुर कंट्रोल रूम के अलर्ट पर हुई गिरफ्तारी

वीडियो सामने आने के बाद बिलासपुर कंट्रोल रूम से रेलवे सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट जारी किया गया। इसके बाद पेंड्रारोड RPF और GRP की संयुक्त टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपी सुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button