Govardhan Puja 2026: 10 नवंबर को मनाई जाएगी गोवर्धन पूजा, जानें तिथि और अन्नकूट का महत्व

भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत की पूजा का है विशेष महत्व, अन्नकूट का भोग लगाकर भक्त मांगते हैं सुख-समृद्धि की कामना
दीपावली के अगले दिन मनाया जाने वाला गोवर्धन पूजा का पर्व भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु गोवर्धन पर्वत, भगवान कृष्ण और गायों की पूजा करते हैं। घरों और मंदिरों में अन्नकूट तैयार कर भगवान को भोग अर्पित किया जाता है। साल 2026 में गोवर्धन पूजा की तारीख को लेकर लोगों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।
10 नवंबर को मनाया जाएगा गोवर्धन पूजा का पर्व
हिंदू पंचांग के अनुसार, गोवर्धन पूजा कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाई जाती है। वर्ष 2026 में यह पर्व मंगलवार, 10 नवंबर को मनाया जाएगा। प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट से शुरू होकर 10 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे तक रहेगी। उदया तिथि की मान्यता के अनुसार, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा करना उचित माना गया है।
कुछ क्षेत्रों में 9 नवंबर को भी होगी पूजा
गोवर्धन पूजा की तारीख को लेकर क्षेत्रीय परंपराओं के कारण कुछ स्थानों पर अंतर देखने को मिल सकता है। पश्चिमी भारत के कुछ क्षेत्रों में स्थानीय रीति-रिवाजों और पूजा परंपराओं के अनुसार 9 नवंबर को भी यह पर्व मनाया जा सकता है।
अन्नकूट की परंपरा क्यों है खास?
गोवर्धन पूजा के अवसर पर अन्नकूट बनाने और भगवान श्रीकृष्ण को उसका भोग लगाने की परंपरा है। इसमें कई तरह के पकवान और व्यंजन तैयार किए जाते हैं। मान्यता है कि भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था। इसी प्रसंग की याद में गोवर्धन पूजा की जाती है। यह पर्व प्रकृति, गौवंश और अन्न के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश भी देता है।





