गरियाबंद में दीपावली की रात बड़ा हादसा: कार नदी में गिरी, पत्रकार समेत एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

रायपुर से घर लौट रहा था परिवार, मृतकों में पत्रकार शीतल साहू, पत्नी और 19 व 21 वर्षीय बेटा-बेटी शामिल; पसौद गांव में पसरा मातम
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दीपावली की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पत्रकार समेत एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। राजिम के टीला एनीकट के पास एक कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में पत्रकार शीतल साहू, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों की जान चली गई। घटना के बाद पसौद गांव में शोक का माहौल है।
रायपुर से दीपावली मनाने घर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, शीतल साहू अपने परिवार के साथ रायपुर से घर लौट रहे थे। कार में उनकी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटा विकास साहू और 21 वर्षीय बेटी पूर्वा साहू भी सवार थे। देर रात राजिम के टीला एनीकट के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और नदी में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि कार सवार चारों लोगों की मौत हो गई।
पत्रकार शीतल साहू सहित पत्नी और बच्चों की मौत
मृतकों की पहचान पत्रकार शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, बेटे विकास साहू और बेटी पूर्वा साहू के रूप में हुई है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक व्याप्त है। दीपावली के पर्व पर हुई इस त्रासदी से पूरा गांव गमगीन है।
कार पर लिखा था ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’
दुर्घटनाग्रस्त कार पर ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’ लिखा हुआ था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टीला एनीकट के पास पहुंचने के दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद कार नदी में गिर गई। हालांकि, वाहन अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
चंपारण पुलिस कर रही हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलने पर चंपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस दुर्घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।





