रायगढ़: बांस के डंडे से हमले में घायल 43 वर्षीय व्यक्ति की मौत, हत्या की धारा में मामला दर्ज; नाबालिग अभिरक्षा में

भिखारीमाल गांव में 25 अक्टूबर की रात हुआ था विवाद, उपचार के दौरान DKS अस्पताल रायपुर में तोड़ा दम; घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त
मारपीट में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मौत
रायगढ़। जिले के ग्राम भिखारीमाल में मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल 43 वर्षीय व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना 25 अक्टूबर की रात की है। मृतक की पहचान कन्हैया महार के रूप में हुई है। मौत के बाद चक्रधरनगर पुलिस ने पहले से दर्ज मारपीट के मामले में हत्या की धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता जोड़ते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया है।
घर लौटने के बाद हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात कन्हैया महार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ओडिशा के संबलपुर स्थित ससुराल से ट्रेन के जरिए गांव लौटा था। घर पहुंचने के बाद वह ऑटो चालक को किराया देने के लिए बाहर निकला, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आया। परिजनों ने समझा कि वह बस्ती की ओर गया होगा।
रात करीब 1:30 बजे गांव के तीन युवक कन्हैया को अचेत अवस्था में उसके घर लेकर पहुंचे। अगले दिन परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रायगढ़ ले गए।
बांस के डंडे से सिर पर किया था वार
30 अक्टूबर को मृतक के पिता त्रिलोचन महार (70 वर्ष) ने चक्रधरनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, घर छोड़ने आए युवकों से पूछताछ करने पर पता चला कि देर रात कन्हैया का गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान बालक ने बांस के डंडे से उसके सिर पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे युवकों के साथ भी मारपीट की गई थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 31(3) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
रायपुर के DKS अस्पताल में हुई मौत
हमले में गंभीर रूप से घायल कन्हैया महार को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रायगढ़ से रायपुर के DKS अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां 3 नवंबर की रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में रायपुर के गोलबाजार थाने में धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम किया गया था।
मर्ग डायरी चक्रधरनगर थाना पहुंचने के बाद पुलिस ने अपने स्तर पर मर्ग दर्ज कर पहले से कायम अपराध में हत्या की धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता विस्तारित कर दी।
पुलिस ने आरोपी बालक को अभिरक्षा में लिया
मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विधि से संघर्षरत बालक की पतासाजी कर उसे अभिरक्षा में लिया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी जब्त किया गया। इसके बाद बालक को किशोर न्याय बोर्ड रायगढ़ के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।





