छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के 14 पूर्व राजघरानों का इतिहास अब एक छत के नीचे, रायपुर में बनेगी ‘रियासत वीथिका’

Advertisement
Advertisement Carousel

दो मंजिला गैलरी में दिखेंगी शाही परंपराएं, वंशावलियां, प्राचीन हथियार, सिक्के और दुर्लभ दस्तावेज

संस्कृति विभाग में तैयार होगी ऐतिहासिक गैलरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 14 पूर्व राजघरानों का इतिहास अब एक ही स्थान पर देखने को मिलेगा। राज्य सरकार इन रियासतों की शाही परंपराओं, राजपरिवारों की वंशावलियों और ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करने के लिए रायपुर स्थित संस्कृति विभाग में ‘रियासत वीथिका’ विकसित करने जा रही है। दो मंजिला इस गैलरी में प्रदेश के राजघरानों से जुड़ा इतिहास और उनकी विरासत प्रदर्शित की जाएगी।

शाही जीवनशैली से लेकर हथियारों तक की मिलेगी जानकारी

रियासत वीथिका में राजाओं की जीवनशैली, राजदरबार की व्यवस्था, शाही प्रतीकों, पारंपरिक पोशाकों, प्राचीन हथियारों, ऐतिहासिक सिक्कों और पुराने दस्तावेजों को प्रदर्शित किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने इस परियोजना की रूपरेखा तैयार कर ली है। पूर्व राजपरिवारों के वंशजों और प्रतिनिधियों के साथ आयोजित परामर्श बैठक में इसका प्रस्तुतिकरण भी दिया गया। विभाग ने राजपरिवारों से ऐतिहासिक सामग्री, वंशावली और पारिवारिक इतिहास जुटाने में सहयोग मांगा है।

निजी महलों और अभिलेखागारों में मौजूद धरोहरें होंगी संकलित

वर्तमान में छत्तीसगढ़ की रियासतों से जुड़ी कई ऐतिहासिक वस्तुएं निजी महलों, राजपरिवारों के पारिवारिक अभिलेखागार और क्षेत्रीय संग्रहालयों में सुरक्षित हैं। इन धरोहरों के बारे में आम लोगों को सीमित जानकारी ही मिल पाती है। रियासत वीथिका के माध्यम से इन सामग्रियों को एक साझा मंच पर लाने की योजना है। इससे पर्यटकों के साथ विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को भी प्रदेश के राजघरानों के इतिहास को विस्तार से जानने का अवसर मिलेगा।

मौखिक इतिहास और पुराने रिकॉर्ड का होगा दस्तावेजीकरण

पर्यटन एवं संस्कृति सचिव डॉ. एस. भारतीदासन के अनुसार, गैलरी में राजदरबार की व्यवस्था, शाही मुहरों, सिक्कों, हथियारों, पोशाकों और सामाजिक-सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण किया जाएगा। इस काम के लिए विभाग एक नोडल अधिकारी नियुक्त करेगा। अधिकारी अलग-अलग राजपरिवारों से संपर्क कर मौखिक इतिहास दर्ज करेंगे, पुराने अभिलेखों का सत्यापन करेंगे और प्रदर्शनी के लिए ऐतिहासिक सामग्री का चयन करेंगे।

हेरिटेज टूरिज्म और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा के मुताबिक, प्रदेश की रियासतों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक, पुरातात्विक और धार्मिक पहचान को स्थापित करने में अहम योगदान दिया है। सरकार की योजना केवल राजघरानों के इतिहास को संरक्षित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐतिहासिक महलों को हेरिटेज टूरिज्म सर्किट और होमस्टे के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इससे पर्यटन गतिविधियों को विस्तार मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button