छत्तीसगढ़: बिना बिजली, डीजल और सौर ऊर्जा के खेतों तक पहुंचेगा पानी, CM विष्णुदेव साय ने अनोखी सिंचाई परियोजना का किया निरीक्षण

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पोंगरो में घुघरी नदी पर निर्मित एनीकट हाइड्रो पावर आधारित पंपिंग योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की कार्यप्रणाली, सिंचाई क्षमता और किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। इस नवाचारी परियोजना की खासियत यह है कि इसमें बिजली, डीजल, पेट्रोल या सौर ऊर्जा की जरूरत नहीं पड़ती। नदी के प्राकृतिक जल प्रवाह से ही खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा रहा है।
नदी के बहाव से हो रही खेतों की सिंचाई
सरगुजा संभाग की अपनी तरह की पहली परियोजना मानी जा रही इस योजना में प्राकृतिक जल प्रवाह का उपयोग कर सिंचाई की व्यवस्था की गई है। इससे किसानों को खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। परियोजना को पर्यावरण के अनुकूल सिंचाई व्यवस्था के रूप में विकसित किया गया है।
खेती की लागत कम करना सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि खेती को समृद्ध बनाने के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्राम पोंगरो की यह परियोजना आधुनिक विज्ञान और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग का उदाहरण है। इसके माध्यम से किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं का स्थायी और पर्यावरण अनुकूल समाधान तलाशा गया है।
दूसरे क्षेत्रों के लिए भी बन सकती है प्रेरणादायक मॉडल
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तकनीक से किसानों को सिंचाई के लिए बिजली और डीजल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी और किसानों को राहत मिलेगी। उन्होंने इस पहल को प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए उपयोगी मॉडल बताया।





