छत्तीसगढ़

राहुल गांधी के आरोपों पर सीएम विष्णुदेव साय का पलटवार, बोले- नक्सलवाद के खिलाफ लड़ने की उनमें इच्छाशक्ति नहीं थी

Advertisement
Advertisement Carousel

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर दौरे के बाद रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे पर राहुल गांधी की टिप्पणी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर भी जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा और प्रदेश के विकास को लेकर सरकार का पक्ष रखा।

राहुल गांधी की टिप्पणी को बताया बेबुनियाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे को लेकर राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के सहयोग और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह सौभाग्य की बात है कि नक्सलवाद के खात्मे में प्रधानमंत्री का सहयोग मिला। इसके लिए वे प्रधानमंत्री के आभारी हैं।

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई को लेकर उनकी टिप्पणी बकवास और बेकार का प्रलाप है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी में कभी नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने की इच्छाशक्ति नहीं रही। सीएम साय के मुताबिक, प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सहयोग से नक्सलवाद के खात्मे में सफलता मिली।

नक्सलवाद को विकास में बताया सबसे बड़ी बाधा

सीएम साय ने कहा कि प्रदेश की जनता भी नक्सलवाद से मुक्ति चाहती थी, क्योंकि यह विकास की राह में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ था। नक्सलवाद समाप्त होने से अब प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने का रास्ता खुला है।

भूपेश बघेल के आरोपों को किया खारिज

छत्तीसगढ़ के उद्योगपतियों के हाथों में जाने संबंधी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह आरोप पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। छत्तीसगढ़ तेजी से हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और लगातार प्रगति कर रहा है।

जनजातीय गौरव दिवस में शामिल होंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर देशभर के साथ प्रदेश में भी जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम धरमजयगढ़ में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button