रायगढ़ में मौसम का बदला मिजाज, दिन में गर्मी तो रात में बढ़ी ठंड; सर्दी-बुखार के मरीज बढ़े

दिन का तापमान 29 डिग्री और रात में 17 डिग्री तक पहुंच रहा पारा, सुबह-शाम ठंड से बचने गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे लोग
रायगढ़। जिले में पिछले तीन-चार दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि शाम होते ही ठंड बढ़ने लग रही है। दिन और रात के तापमान में अंतर के चलते लोगों की सेहत पर भी असर पड़ने लगा है। सर्दी-बुखार से पीड़ित लोग उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।
दिन में गर्मी, रात में बढ़ रही ठंड
मौसम में बदलाव के चलते जिले का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। दिन के समय आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से गर्माहट महसूस होती है, लेकिन शाम ढलते ही तापमान में गिरावट शुरू हो जाती है। देर रात और सुबह के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।
सुबह की सैर पर निकलने वाले पहन रहे गर्म कपड़े
रात के तापमान में गिरावट का असर सुबह के समय भी देखने को मिल रहा है। मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोग अब कोट और जैकेट पहनकर घरों से बाहर निकल रहे हैं। हालांकि, सुबह करीब 8 बजे के बाद धूप निकलने से मौसम सामान्य हो जाता है और ठंड का असर कम महसूस होने लगता है।
ग्रामीण इलाकों में ठंड का ज्यादा असर
शहरी क्षेत्रों की तुलना में ग्रामीण इलाकों में ठंड का प्रभाव अधिक दिखाई देने लगा है। कई स्थानों पर लोग ठंड से बचने के लिए अलाव जलाने लगे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले एक-दो दिनों से सुबह के समय हल्की धुंध भी दिखाई दे रही है, जो धूप निकलने के बाद धीरे-धीरे छंट जाती है।
मौसम में बदलाव से स्वास्थ्य पर असर
दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण लोगों को सर्दी, खांसी और बुखार जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे लक्षणों से परेशान लोग उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। बदलते मौसम को देखते हुए सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने तथा स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने की जरूरत है।





