छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्नी कौशल्या साय के साथ की गौमाता की पूजा-अर्चना, प्रदेश की खुशहाली की कामना

Advertisement
Advertisement Carousel

सीएम बोले- गोवर्धन पूजा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण का पर्व, कृषि और ग्रामीण जीवन की समृद्धि से जुड़ी है गौसेवा की परंपरा

जशपुर/रायपुर। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निवास में धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ विधि-विधान से गौमाता की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने गौमाता को तिलक लगाकर पूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही किसानों के खेत-खलिहानों में भरपूर फसल और प्रदेश की निरंतर प्रगति की प्रार्थना की।

प्रकृति और गौसेवा के प्रति कृतज्ञता का पर्व

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति में प्रकृति, गौवंश और कृषि जीवन के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन लीला के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और सामूहिक कल्याण का जो संदेश दिया था, वह आज भी प्रासंगिक है।

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग है गौवंश

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता को विशेष स्थान प्राप्त है। गौवंश हमारी कृषि परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और समस्त जीव-जगत के प्रति संवेदनशीलता एवं संरक्षण की सांस्कृतिक चेतना को भी दर्शाती है।

गोवर्धन लीला से मिलती है एकजुटता की प्रेरणा

सीएम साय ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें सिखाती है कि मानव जीवन की वास्तविक समृद्धि प्रकृति के साथ संतुलन और सहअस्तित्व में निहित है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गौवंश की रक्षा करने की पौराणिक कथा संकट के समय एकजुटता, आपसी सहयोग और लोककल्याण की प्रेरणा देती है।

गौरा-गौरी पर्व हमारी लोकसंस्कृति की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति में भी गौवंश, खेती-किसानी और प्रकृति के प्रति गहरी आस्था देखने को मिलती है। गोवर्धन पूजा के साथ मनाया जाने वाला गौरा-गौरी पर्व प्रदेश की समृद्ध लोकपरंपराओं और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण है। ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ समाज को अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं।

मुख्यमंत्री साय ने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से छत्तीसगढ़ का प्रत्येक परिवार सुखी और समृद्ध रहे, किसानों के खेतों में भरपूर फसल हो तथा प्रदेश निरंतर विकास और खुशहाली के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button