बिना बिजली-डीजल के खेतों तक पहुंचेगा पानी, पोंगरो में हाइड्रो पावर पम्पिंग योजना का सीएम साय ने किया निरीक्षण

नदी के बहाव से चलेगा टरबाइन पम्प, 2.68 करोड़ की लागत से तैयार परियोजना से 135 किसान परिवारों को मिलेगा लाभ
जशपुर/रायपुर। किसानों को सिंचाई के लिए अब बिजली, डीजल और पेट्रोल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। नदी के प्राकृतिक जल प्रवाह से ही खेतों तक पानी पहुंचाने वाली अनूठी तकनीक छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुरू की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को कांसाबेल विकासखंड के ग्राम पोंगरो में घुघरी नदी पर निर्मित एनीकट हाइड्रो पावर आधारित पम्पिंग योजना का निरीक्षण किया। करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से 135 किसान परिवारों को लाभ मिलेगा।
नदी के बहाव से संचालित होगा टरबाइन पम्प
मुख्यमंत्री ने योजना की कार्यप्रणाली, सिंचाई क्षमता और किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। इस परियोजना की खासियत यह है कि इसमें सिंचाई के लिए बिजली, डीजल, पेट्रोल या सौर ऊर्जा की जरूरत नहीं होगी। नदी के प्राकृतिक जल प्रवाह से टरबाइन पम्प संचालित होगा और इसी की मदद से पानी खेतों तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आधुनिक विज्ञान और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर समन्वय से किसानों की समस्याओं का स्थायी एवं पर्यावरण अनुकूल समाधान किया जा सकता है। इस तकनीक से किसानों की सिंचाई लागत कम होगी और उन्हें बाहरी ऊर्जा स्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
17 लीटर प्रति सेकंड की क्षमता से पहुंचेगा पानी
योजना के तहत पूर्व निर्मित एनीकट से लगभग 100 मीटर नीचे प्लेटफॉर्म बनाकर टरबाइन पम्प स्थापित किया गया है। यह पम्प नदी तल से करीब 12 मीटर ऊंचाई पर स्थित वितरण टंकी तक पानी पहुंचाएगा। दोनों के बीच की दूरी लगभग 200 मीटर है।
पम्प की अधिकतम जल आपूर्ति क्षमता 17 लीटर प्रति सेकंड है। वितरण टंकी से पक्की सिंचाई नहरों और नालियों के जरिए खेतों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
80 एकड़ कृषि भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा
करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से लगभग 135 किसान परिवार सीधे लाभान्वित होंगे। इसके माध्यम से करीब 80 एकड़ कृषि भूमि में रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों की सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इससे किसानों की वर्षा पर निर्भरता कम होगी और उन्हें अतिरिक्त फसल लेने के अवसर मिलेंगे। साथ ही कृषि उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
प्रदेश के दूसरे क्षेत्रों के लिए भी बनेगा मॉडल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खेती की समृद्धि के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। पोंगरो की यह परियोजना हरित ऊर्जा, जल संरक्षण और टिकाऊ कृषि का बेहतर उदाहरण है। इसके जरिए पारंपरिक ईंधन की खपत और उससे होने वाले कार्बन उत्सर्जन से भी बचा जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर किसानों को सालभर खेती के अवसर उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। पोंगरो की यह नवाचारी पहल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रेरणादायक मॉडल बन सकती है।
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





