रायगढ़ में अतिक्रमण पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 24 ठेला-गुमटियां हटाईं और 13 ठेले जब्त

सिग्नल चौक से चक्रधर नगर चौक तक चला अभियान, नियमों का उल्लंघन करने वालों से वसूला 21 हजार रुपये जुर्माना
सड़क के दोनों ओर हटाया गया अतिक्रमण
रायगढ़। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देश पर अतिक्रमण निवारण दस्ते ने सिग्नल चौक से चक्रधर नगर चौक तक सड़क के दोनों ओर अभियान चलाया।
24 ठेला-गुमटियों का अतिक्रमण हटाया
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए 24 ठेला-गुमटियों के स्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। इसके अलावा स्थायी निर्माण कर संचालित किए जा रहे 13 ठेलों को जब्त किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित लोगों से निगम की टीम ने कुल 21 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूल किया।
यातायात में बाधा बनने वाले अतिक्रमण पर सख्ती
निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है। इससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है। सड़क और फुटपाथ का उपयोग लोगों की सुविधा और सुरक्षित आवाजाही के लिए होना चाहिए। इन्हें अतिक्रमण मुक्त रखना निगम प्रशासन की प्राथमिकता है।
निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करने की हिदायत
निगम कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। संबंधित व्यवसायियों और ठेला संचालकों को निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करने तथा सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथ और अन्य स्थानों पर कब्जा नहीं करने की हिदायत दी गई है। उन्होंने व्यापारियों और ठेला संचालकों से शहर की यातायात व्यवस्था एवं स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।





