घरघोड़ा पुलिस ने पकड़े बाइक चोर गिरोह के दो सदस्य, चोरी की दो पल्सर बरामद; एक आरोपी फरार

शराब और पार्टी के लिए पैसों का इंतजाम करने चोरी करते थे मोटरसाइकिलें, लैलूंगा मेन रोड पर शनि मंदिर के पास पुलिस ने दबोचा
रायगढ़। घरघोड़ा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। वहीं, उनका एक अन्य साथी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
सीआईएसएफ कार्यालय के सामने से चोरी हुई थी बाइक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर को नीलम संजीव बेक (37 वर्ष), निवासी मकरीबंधा, थाना तुमला, जिला जशपुर ने घरघोड़ा थाने में मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वे वर्तमान में सीआईएसएफ इकाई एनटीपीसी तिलाईपाली में पदस्थ हैं। उन्होंने बताया था कि 7 अक्टूबर की सुबह लैलूंगा रोड स्थित घरघोड़ा सीआईएसएफ कार्यालय के गेट के सामने खड़ी उनकी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-LF-3373 को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।
मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्ध हिरासत में
रिपोर्ट के आधार पर घरघोड़ा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसके बाद 10 नवंबर को पुलिस टीम ने लैलूंगा मेन रोड स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। उनकी पहचान सुकसागर राठिया निवासी कोनपारा और देव पैंकरा निवासी नेगीपारा, घरघोड़ा के रूप में हुई।
चोरी की बाइक बेचने की फिराक में थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए लोगों से बातचीत कर रहे थे। पूछताछ में उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि शराब पीने और पार्टी करने के लिए पैसों का इंतजाम करने के उद्देश्य से उन्होंने मोटरसाइकिलें चोरी की थीं।
सीआईएसएफ कार्यालय और ओंगना से चुराई थीं पल्सर
पूछताछ में आरोपियों ने करीब एक महीने पहले घरघोड़ा सीआईएसएफ कार्यालय के गेट के सामने से काले रंग की पल्सर और धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम ओंगना से काले-सफेद रंग की दूसरी पल्सर मोटरसाइकिल चोरी करना बताया। पुलिस ने दोनों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।





