शौर्य दिवस समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने शहीद परिवारों को किया सम्मानित, बलिदान को किया नमन

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका रायगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित शौर्य दिवस समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को सम्मानित कर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
शहीद परिवारों का सम्मान हमारी नैतिक जिम्मेदारी
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि देश की संप्रभुता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के लिए वीर जवानों का त्याग एवं समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। एक सैनिक का बलिदान केवल उसका व्यक्तिगत बलिदान नहीं होता, बल्कि उसका पूरा परिवार भी राष्ट्र के लिए त्याग करता है।
शहीदों के परिवारों के सुख-दुख में सहभागी बनें
राज्यपाल ने कहा कि शहीद परिवारों का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है। शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उनके सुख-दुख में सहभागी बनना हम सभी का दायित्व है।





