रायगढ़ में चांदनी चौक पुल 3 महीने तक रहेगा बंद, पैदल राहगीरों और बाइक चालकों के लिए बनेगा वैकल्पिक रास्ता

कैनाल लिंक रोड के अंडरपास निर्माण के चलते लिया गया निर्णय, निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने किया निरीक्षण; मरीन ड्राइव से उड़ीसा रोड हाईवे तक जुड़ेगी सड़क
रायगढ़। कैनाल लिंक रोड पर अंडरपास निर्माण के चलते चांदनी चौक पुल को आगामी तीन महीने तक आवागमन के लिए बंद रखा जाएगा। इस दौरान पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की सुविधा के लिए पुल के नीचे से वैकल्पिक रास्ता तैयार किया जा रहा है। नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वैकल्पिक रास्ते को जल्द तैयार करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान निगम कमिश्नर ने निर्माण कार्य की प्रगति, पुल के आसपास की स्थिति और यातायात पर पड़ने वाले प्रभाव का जायजा लिया। उन्होंने ठेकेदार और साइट इंजीनियर को निर्देशित किया कि पुल बंद रहने के दौरान पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पुल के नीचे सुरक्षित और सुविधाजनक वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाए। उन्होंने रास्ते का निर्माण जल्द पूरा करने के साथ निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश भी दिए।
स्थानीय लोगों को दी निर्माण कार्य की जानकारी
कमिश्नर ने निरीक्षण के दौरान आसपास रहने वाले लोगों से भी चर्चा की। उन्होंने उन्हें निर्माण कार्य की जानकारी देते हुए वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था के संबंध में अवगत कराया, ताकि पुल बंद रहने के दौरान आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो।
मरीन ड्राइव से उड़ीसा रोड हाईवे तक जुड़ेगी सड़क
कैनाल लिंक रोड परियोजना का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है। इसके तहत जोगीडीपा चौक से चांदनी चौक होते हुए सड़क को मरीन ड्राइव तक पहुंचाया जाएगा। इसके आगे मरीन ड्राइव से सीधे उड़ीसा रोड हाईवे तक सड़क जोड़ने की योजना भी तैयार की जा रही है।
शहर के भीतर यातायात का दबाव होगा कम
इस सड़क के निर्माण से रायगढ़ शहर के भीतर और बाहर आने-जाने वाले वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी। दूसरे शहरों की ओर जाने वाले वाहनों को एक हाईवे से दूसरे हाईवे तक पहुंचने के लिए शहर के भीतरी इलाकों से कम गुजरना पड़ेगा। इससे यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।





