शेयर मार्केट में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 70.77 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी की मां गिरफ्तार

ग्रामीण महिलाओं को निवेश पर मोटे मुनाफे का दिया था लालच, तीन बैंक खातों में मिले लाखों के लेनदेन; साइबर पुलिस ने मीरा सोनवानी को भेजा जेल
रायगढ़। शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ग्रामीण महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर पुलिस ने एक और आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार मीरा सोनवानी (57 वर्ष) मुख्य आरोपी मेनका सारथी की मां है। आरोप है कि वह अपनी बेटी के साथ मिलकर ग्राम जतरी की महिलाओं को निवेश के नाम पर झांसा देने और उनसे रकम जमा कराने में सहयोग करती थी। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
रकम दोगुनी करने का भरोसा देकर महिलाओं को फंसाया
पुलिस के अनुसार पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जतरी निवासी हारा बाई निषाद (36 वर्ष) सहित अन्य महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव की मेनका सारथी अपने मायके आने पर महिलाओं को बताती थी कि वह और उसका पति अक्षय सारथी शेयर मार्केट में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं। उसने महिलाओं को कम समय में मोटा मुनाफा मिलने और निवेश की रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया था।
70 लाख 77 हजार 901 रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत
आरोपियों ने महिलाओं को यह भी भरोसा दिया था कि यदि रकम दोगुनी नहीं हुई तो वह और उसका पति अपनी गारंटी पर दोगुनी राशि वापस करेंगे। इस झांसे में आकर गांव की कई महिलाओं ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से पैसे देना शुरू कर दिया।
शिकायत के मुताबिक, 6 अप्रैल 2025 से 24 अक्टूबर 2025 के बीच हारा बाई निषाद से 17 लाख 53 हजार रुपये और अन्य महिलाओं से मिलाकर कुल 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की धोखाधड़ी की गई। शुरुआत में कुछ निवेशकों को मुनाफे की रकम लौटाकर उनका विश्वास जीता गया, लेकिन बाद में न तो मुनाफा दिया गया और न ही मूल रकम वापस की गई।
निजी उपयोग में रकम खर्च करने का आरोप
पीड़ित महिलाओं ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो पता चला कि निवेश के नाम पर ली गई राशि शेयर मार्केट में लगाने के बजाय निजी उपयोग में ली गई थी। आरोपियों ने रकम लौटाने से इनकार करने के साथ शिकायत करने पर जेल भिजवाने की धमकी भी दी।
बैंक खातों के लेनदेन से खुली ठगी की परतें
शिकायत के बाद साइबर थाना पुलिस ने बैंक खातों के लेनदेन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। 22 जुलाई 2026 को मेनका सारथी, उसके पति अक्षय सारथी और मीरा सोनवानी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
जांच के दौरान आरोपियों और पीड़ित महिलाओं के बैंक खातों की जानकारी जुटाई गई। इसमें आरोपी महिला के तीन अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये के लेनदेन का पता चला। बैंक ट्रांजेक्शन, पीड़ितों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 6 अक्टूबर को जिला सक्ती के ग्राम बरतुंगा में दबिश देकर मुख्य आरोपी मेनका सारथी को गिरफ्तार किया था।
मिनकेतन सिदार और अक्षय सारथी भी गिरफ्तार
पूछताछ में मेनका सारथी ने बताया कि रायगढ़ के ढिमरापुर क्षेत्र में किराये के मकान में रहने के दौरान उसकी पहचान मिनकेतन सिदार से हुई थी। पुलिस जांच में मिनकेतन की भूमिका भी सामने आई। उस पर निवेश के नाम पर लोगों से रकम लेने की योजना बनाने का आरोप है। इसके बाद पुलिस ने मिनकेतन सिदार (40 वर्ष), निवासी आमगांव थाना तमनार और अक्षय सारथी को भी गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा।
मुखबिर की सूचना पर जतरी से पकड़ी गई मीरा सोनवानी
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस फरार मीरा सोनवानी की तलाश कर रही थी। पूर्व में दबिश देने पर वह नहीं मिली थी। बुधवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर साइबर थाना पुलिस ने ग्राम जतरी में दबिश देकर मीरा सोनवानी (57 वर्ष), पति स्वर्गीय महेंद्र कुमार सोनवानी को हिरासत में लिया।
पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी महिला के बैंक खाते से संबंधित जानकारी भी जब्त की है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश और आगे की विवेचना जारी है।





