मांड नदी में अवैध रेत उत्खनन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, चैन माउंटेन मशीन जब्त

पुसलदा में शिकायत के बाद हुई जांच, खरसिया निवासी तरुण साहू के खिलाफ प्रकरण दर्ज
अवैध उत्खनन की शिकायत पर पहुंचा खनिज अमला
रायगढ़ जिले के ग्राम पुसलदा स्थित मांड नदी में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत पर खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर पहुंची विभागीय टीम ने जांच के दौरान नदी में रेत के अवैध उत्खनन में लगी एक चैन माउंटेन मशीन को मौके पर पाया। खनिज अमले ने मशीन को तत्काल जब्त कर सील कर दिया।
तरुण साहू के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
जांच में सामने आया कि अवैध उत्खनन का कार्य खरसिया निवासी तरुण साहू द्वारा कराया जा रहा था। इस मामले में खनिज विभाग ने संबंधित वाहन मालिक के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी
खनिज अधिकारी ने बताया कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए विभाग लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रहा है। इस तरह की गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा।





