चक्रवात ‘अकवान’ का रायगढ़ में दिखने लगा असर, हल्की बारिश से बढ़ी ठंड; 20-21 नवंबर को भी बिगड़ा रहेगा मौसम

बंगाल की खाड़ी में प्रबल हो रहा चक्रवात, जिले में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक पहुंचा; 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका
रायगढ़। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात ‘अकवान’ का असर अब रायगढ़ जिले में भी दिखाई देने लगा है। बुधवार से मौसम में बदलाव के साथ आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। लगातार नमीयुक्त हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं, गुरुवार शाम से जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
बंगाल की खाड़ी में तेजी से आगे बढ़ रहा चक्रवात
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग और उससे लगे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात ‘अकवान’ सक्रिय है। यह उत्तर-पश्चिम दिशा में करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। इसके लगातार इसी दिशा में बढ़ने की संभावना जताई गई है।
तटीय इलाकों में 100 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है हवा
मौसम संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार 20 नवंबर को सुबह करीब 11:30 बजे चक्रवात के उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्र के पास पहुंचने का अनुमान जताया गया है। इस दौरान तटीय इलाकों में हवा की अधिकतम गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका है।
रायगढ़ में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
चक्रवात के प्रभाव से रायगढ़ जिले में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। नमीयुक्त हवाओं के कारण ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। गुरुवार शाम को बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। 20 नवंबर को जिले में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, जिले के पठारी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
ठंड के साथ मौसम में उतार-चढ़ाव के आसार
लगातार नमी आने और बारिश के कारण जिले में ठंड बढ़ने के संकेत हैं। मौसम में बदलाव के बीच लोगों को बारिश और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।





