छत्तीसगढ़

खेत में अचानक धंसी जमीन: 40 फीट गहरा रहस्यमयी गड्ढा बना चर्चा का विषय, प्रशासन की सुस्ती पर उठे सवाल

Advertisement
बलौदा बाजार जिले के सिमगा क्षेत्र में एक किसान के खेत में अचानक जमीन धंस गई, जिससे करीब 40 फीट चौड़ा और उतना ही गहरा विशाल गड्ढा बन गया है।

बलौदा बाजार। बलौदा बाजार जिले के सिमगा क्षेत्र के ग्राम चक्रवाय में 30 अप्रैल की रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक किसान के खेत में अचानक जमीन धंस गई, जिससे करीब 40 फीट चौड़ा और उतना ही गहरा विशाल गड्ढा बन गया। देखते ही देखते खेत का बड़ा हिस्सा इस गड्ढे में समा गया, जिससे किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

गड्ढे से निकल रहा पानी
घटना के बाद से गड्ढे में लगातार पानी भरता नजर आ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन धंसने के साथ ही पानी का रिसाव शुरू हो गया, जिसने इस पूरी घटना को और रहस्यमयी बना दिया है। लोग इसे प्राकृतिक घटना मान रहे हैं, लेकिन कारण अब तक स्पष्ट नहीं है।

तरह-तरह की चर्चाएं
गांव और आसपास के इलाकों में इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोग इसे भूकंप के हल्के झटकों से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि अब तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासन की सुस्ती पर सवाल
घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन की ओर से सिर्फ पटवारी स्तर पर ही निरीक्षण किया गया है। अभी तक कोई वरिष्ठ अधिकारी या भू-वैज्ञानिक टीम मौके पर नहीं पहुंची है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।

वैज्ञानिक जांच की मांग
रहस्यमयी गड्ढे की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द विशेषज्ञों की टीम भेजकर इस घटना की वैज्ञानिक जांच कराई जाए, ताकि इसके असली कारणों का पता लगाया जा सके।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button