रायगढ़ में भाजपा का जश्न: पश्चिम बंगाल जीत पर निकला विजय जुलूस, शहर में बंटी मुफ्त झालमूड़ी

रायगढ़। रायगढ़ में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद जिला भाजपा ने जोरदार जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकालकर ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी जाहिर की और इसे मोदी सरकार के सुशासन की जीत बताया।
विजय जुलूस में उमड़ा उत्साह, शहरभर में नारेबाजी
जिला भाजपा कार्यालय से निकला जुलूस गांधी चौक, स्टेशन चौक होते हुए नटवर हाई स्कूल तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ता नाचते-गाते नजर आए। जुलूस में सांसद राधेश्याम राठिया, महापौर जीवर्धन चौहान, जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान, महामंत्री विकास केडिया, भाजयुमो अध्यक्ष सुमीत शर्मा और महिला मोर्चा अध्यक्ष मधुलता पटेल सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए।
मुफ्त झालमूड़ी बांटकर मनाई खुशी
नटवर हाई स्कूल के पास ‘सोनी झालमूड़ी’ प्रतिष्ठान पर आम जनता के लिए मुफ्त झालमूड़ी का वितरण किया गया। वरिष्ठ भाजपा नेता दीपेश सोलंकी ने बताया कि जीत की खुशी में यह पहल की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर जश्न में हिस्सा लिया।
नेताओं के बयान: ‘जनादेश ने बदलाव का संदेश दिया’
सांसद राधेश्याम राठिया ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन पर जनता की मुहर बताया। महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि यह जनादेश कुशासन के अंत का संकेत है।
जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान ने इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास की जीत बताया, जबकि विकास केडिया ने कहा कि यह परिणाम देश के राजनीतिक मिजाज को दर्शाता है।
महिला और युवा नेतृत्व ने भी जताई प्रतिक्रिया
भाजयुमो अध्यक्ष सुमीत शर्मा ने इसे विचारधारा की जीत बताया। वहीं मधुलता पटेल ने कहा कि यह महिलाओं के विश्वास का जनादेश है और जनता ने सुरक्षित व विकासशील शासन के पक्ष में मतदान किया है।






