बीरगांव में सनसनी: मकान से बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध सामान मिलने की सूचना पर पुलिस की दबिश, जांच जारी

रायपुर। राजधानी रायपुर के बीरगांव इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक मकान से बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध सामान मिलने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। मामला रावाभाठा क्षेत्र के फुलवारी चौक वार्ड नंबर-13 का बताया जा रहा है, जहां नॉर्थ जोन पुलिस की कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मितानिन के मकान में छापा, भारी पुलिस बल तैनात
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने जिस मकान पर रेड मारी वो मितानिन पुष्पा साहू का है, कार्रवाई के दौरान डीसीपी नॉर्थ, डीसीपी, एसीपी, एसीपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा के मद्देनज़र आसपास के इलाके के घेर लिया गया और लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई।
तार, बैटरी और संदिग्ध सामग्री बरामद
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके के एक घर में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने तलाशी ली, तो वहां से तार, बैटरी, पाउडरनुमा पदार्थ और देसी बम तैयार करने में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री बरामद हुई। हालांकि जब्त सामान को लेकर अधिकारियों ने अभी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
बम स्क्वॉड और साइबर टीम मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को मौके पर बुलाया गया, संदिग्ध सामग्री की जांच की जा रही है। वहीं साइबर टीम आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घर में कौन से लोग आ रहे थे।
इलाके में दहशत, लोगों को दूर रहने की सलाह
घटना की जानकारी होते ही आसपास के रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए, मौके पर भीड़ जमा हो गया। पुलिस ने लोगों को दूरी बनाए रखने की अपील की। फिलहाल घर में मौजूद लोगों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की जांच मं जुटी है।






