
रायपुर। पारिवारिक विवाद पर जितेंद्र उर्फ जित्तू ने अपनी जिन दो सालियों पर मंगलवार को ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, उनमें गीतांजली के बाद दूसरे दिन दुर्गश्वरी की भी मौत हो गई। पारिवारिक विवाद को लेकर की गई हत्या को लेकर कई पेंच निकलकर सामने आ रहे हैं। हत्या का आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका करने तथा बेटी को अपने से दूर रखे जाने से नाराज था। इधर, मृतका के परिजनों ने आरोपी पर लंबे अरसे से बेरोजगार होने तथा नशे का आदी होने की वजह से उसका अपनी पत्नी के साथ आए दिन विवाद होने का आरोप लगाया है।
दुर्गेश्वरी तथा गीतांजली के मकान मालिक पुरुषोत्तम वर्मा के मुताबिक, जितेंद्र घटना दिनांक को रात दस बजे के करीब अपनी सालियों के पास मिलने आया। इसके बाद उसने अपनी छोटी साली गीतांजली के सिर पर गोली मारी। गोली की आवाज सुनकर दुर्गेश्वरी अपने कमरे से दौड़ते हुए बाहर निकली, तब जितेंद्र ने उस पर भी फायर किया। बचने की
कोशिश में दुर्गेश्वरी नीचे झुकी, तो गोली उसके गले में जाकर धंस गई। दुर्गेश्वरी तथा गीतांजली की मां के शोर मचाने पर पुरुषोत्तम का परिवार दौड़ते हुए मकान के ऊपर पहुंचा और घायलों को उपचार कराने डीकेएस अस्पताल लेकर गया।
छह वर्ष पूर्व हुई थी शादी
जितेंद्र मूल रूप से बलौदाबाजार का रहने वाला है। उसकी पत्नी खरोरा स्थित छड़िया गांव की रहने वाली है। जितेंद्र का पिता रायपुर में लंबे अरसे से प्लंबर का काम कर रहा है। मृतका के पिता गांव में कृषि कार्य करने वाले हैं। जितेंद्र तथा खिलेश्वरी की शादी छह वर्ष पूर्व हुई है। जितेंद्र बाउंसर का कार्य करने के साथ कारोबारियों के पीएसओ का काम करता है। इसीलिए उसने पिस्टल रखने का लाइसेंस लिया था।
घटना के एक सप्ताह पूर्व की थी शिकायत
परिजनों के मुताबिक जितेंद्र द्वारा आए दिन घर आकर विवाद करने से परेशान होकर गीतांजली, दुर्गेश्वरी तथा उसकी मां ने जितेंद्र के खिलाफ पंडरी थाना में घटना के एक सप्ताह पूर्व शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन लोगों ने जितेंद्र से सुलह कराने पुलिस के पास गुहार लगाई थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि जितेंद्र पिछले डेढ़-दो वर्ष से बेरोजगार है तथा नशा करने का आदी है। आरोपों के मुताबिक जितेंद्र ने अपनी पत्नी के जेवर तथा बेटी की पायल निकालकर बेच दी है। इसके बाद खिलेश्वरी अपनी मां तथा बहन के घर रहने चली गई।
वीडियो कॉल से बात नहीं होने पर की फायरिंग
जितेंद्र रोज अपनी बेटी के साथ वीडियो कॉल से बात करता था। घटना दिनांक को वीडियो कॉल से बात नहीं होने पर वह अपनी साली के घर पहुंच गया और हंगामा करने लगा। इस पर गीतांजली ने अपनी दीदी के पास वीडियो कॉल किया। मोबाइल बंद होने की वजह से गीतांजली अपने जीजा को वीडियो कॉल से बात नहीं करा पाई। इससे नाराज होकर जितेंद्र ने आत्मघाती कदम उठाते हुए अपनी दोनों सालियों को मौत के घाट उतार दिया।
घटना के तीन दिन पहले खरीदी थी मैग्जीन
पूछताछ में जितेंद्र ने पुलिस को बताया है कि घटना के तीन दिन पूर्व उसने शनिवार को मैग्जीन खरीदी थी। पुलिस को आशंका है कि जितेंद्र ने अपनी दोनों सालियों की हत्या करने के साथ अपनी सास तथा पत्नी की भी हत्या की प्लानिंग की थी। इस वजह से घटना दिनांक को अतिरिक्त मैग्जीन साथ लेकर गया था।
पुलिस का कहना है जितेंद्र ने सरेंडर नहीं किया, हमने पकड़ा
घटना के तत्काल बाद पुलिस को फायरिंग की सूचना मिल गई थी। थाने से महज पौन किलोमीटर की दूरी होने पर पांच मिनट के भीतर पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस का दावा है कि घटना को अंजाम देने के बाद जितेंद्र पिस्टल को अपने पीछे की तरफ खोंस कर आराम से जा रहा था। इस दौरान एक सिपाही ने उसे भागते हुए पकड़ा। पुलिस ने उसके सरेंडर करने की बात | से इनकार किया है।
डेढ़ महीने से अलग रह रहा था
पुलिस को जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक जितेंद्र अपनी पत्नी से करीब एक डेढ़ माह से अलग रह रहा था। इस दौरान जितेंद्र की पत्नी खिलेश्वरी मोवा में ही अपनी मां तथा दोनों बहनों के साथ रह रही थी। जितेंद्र की करीब एक साल की बेटी है, जितेंद्र रोज अपनी बेटी के पास मिलने के लिए जाता था। इस दौरान वह अपनी पत्नी के साथ विवाद करता था। आए दिन के विवाद से तंग आकर मकान मालिक के आपत्ति करने पर जितेंद्र की पत्नी पिछले एक सप्ताह से उरकुरा में अपनी एक अन्य छोटी बहन, जिसकी शादी हो गई है, उनके यहां रहने के लिए चली गई थी।






