
लोहे और टीन के स्क्रैप से लदे वाहनों को घेराबंदी कर पकड़ा, बिना दस्तावेज चल रहा था अवैध परिवहन
रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जामगांव क्षेत्र में दो 6-चक्का माजदा वाहनों से करीब 27 टन लोहे और टीन का स्क्रैप जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल, जामगांव के पास पकड़े गए दोनों वाहन
पुलिस को सूचना मिली थी कि रायगढ़ की ओर से दो माजदा वाहनों में भारी मात्रा में कबाड़ लोड कर जामगांव की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की और दोनों वाहनों को मौके पर पकड़ लिया।

जांच के दौरान वाहन क्रमांक सीजी 04 पीसी 9120 और सीजी 10 बीक्यू 0292 में भारी मात्रा में स्क्रैप लोड पाया गया।
27 टन स्क्रैप बरामद, आरोपियों ने यूपी के हमीरपुर निवासी बताई पहचान
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना नाम अरमान अहमद और रमजान खान निवासी हमीरपुर, उत्तर प्रदेश बताया। जांच में एक वाहन से लगभग 12,780 किलोग्राम और दूसरे वाहन से 14,560 किलोग्राम लोहे एवं टीन का स्क्रैप बरामद हुआ।
वाहनों और स्क्रैप की कुल जब्ती लगभग 16 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपियों के पास माल परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
बीएनएसएस और बीएनएस के तहत मामला दर्ज, दोनों आरोपी गिरफ्तार
वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर पुलिस ने दोनों वाहनों, स्क्रैप और संबंधित सामग्री को जब्त कर लिया। साथ ही आरोपियों के खिलाफ धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक श्रीराम साहू, आरक्षक संदीप कौशिक और मिनकेतन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश — अवैध कबाड़ कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि अवैध कबाड़ चोरी, खरीद-फरोख्त और बिना दस्तावेज परिवहन जैसे अपराध न सिर्फ कानून का उल्लंघन हैं बल्कि चोरी की घटनाओं को भी बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस ऐसे संगठित अपराधों पर लगातार नजर रख रही है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हर स्तर पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






