छत्तीसगढ़रायगढ़

दुष्कर्म केस में जेल भेजने की धमकी देकर 40 हजार रुपये मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार, घरघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Advertisement
Advertisement
Advertisement

पुलिस कार्रवाई का भय दिखाकर युवक और उसके परिवार से कर रहा था अवैध वसूली का प्रयास

रायगढ़, 10 मई। दुष्कर्म मामले में जेल भेजने की धमकी देकर युवक और उसके परिवार से 40 हजार रुपये की अवैध मांग करने वाले आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर की गई कार्रवाई में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

युवती से प्रेम संबंध और आपसी विवाद के बाद शुरू हुआ भयादोहन का मामला

जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 10 घरघोड़ा निवासी साहिल यादव पिता सुशील यादव (26 वर्ष) ने 9 मई 2026 को थाना घरघोड़ा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में वार्ड क्रमांक 02 निवासी श्याम भोजवानी पर गंभीर आरोप लगाए गए। प्रार्थी के मुताबिक उसका धरमजयगढ़ क्षेत्र की एक युवती से पिछले चार-पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले आपसी विवाद होने पर युवती 7 मई को थाना घरघोड़ा पहुंची थी। उस समय साहिल यादव भी श्याम भोजवानी के साथ थाना गया था। बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद समझौता हो गया और युवती द्वारा कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई।

“50 हजार दो, नहीं तो जेल जाओगे”, आरोपी ने परिवार पर बनाया दबाव

शिकायत के अनुसार उसी दिन शाम करीब 6 बजे श्याम भोजवानी साहिल यादव के मोहल्ले पहुंचा और उसके परिवार को धमकाते हुए कहा कि थाना में 50 हजार रुपये देने पड़ेंगे, अन्यथा बलात्कार के मामले में जेल भेज दिया जाएगा। परिवार द्वारा असमर्थता जताने पर आरोपी ने 40 हजार रुपये में मामला “सुलझाने” की बात कही और रकम की व्यवस्था करने का दबाव बनाने लगा।

लगातार फोन कर दी जा रही थी धमकी, ऑडियो क्लिप बना अहम सबूत

प्रार्थी ने बताया कि आरोपी लगातार मोबाइल कॉल कर उसे और उसकी मां को पैसे जल्द देने के लिए धमका रहा था। शिकायतकर्ता ने स्पष्ट किया कि किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी द्वारा उससे किसी प्रकार की रकम नहीं मांगी गई थी और न ही उसे दोबारा थाना बुलाया गया था।

ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर हुई गिरफ्तारी, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना घरघोड़ा में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 158/2026 के तहत धारा 308(2), 308(6) और 62 बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने जांच के दौरान मोबाइल पर रकम मांगने संबंधी बातचीत की ऑडियो क्लिप प्राप्त कर उसे पेन ड्राइव में सुरक्षित जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 10 मई 2026 को आरोपी श्याम भोजवानी पिता स्वर्गीय लक्ष्मण प्रसाद भोजवानी (56 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 02 साईराम कॉलोनी, घरघोड़ा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश— कानून के नाम पर वसूली करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस, कानून या किसी आपराधिक प्रकरण का भय दिखाकर पैसे की मांग करना गंभीर अपराध है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार के बहकावे में न आएं और तत्काल पुलिस को सूचना दें। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि कानून का नाम लेकर अवैध वसूली करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button