ईंधन बचत को लेकर रमन सिंह का बड़ा फैसला, संसाधनों के संयमित उपयोग की मुहिम को दिया नया संदेश

रायपुर। देश में ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर चल रही मुहिम के बीच छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रमन सिंह ने बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील से प्रेरित होकर उन्होंने अपने भ्रमण के दौरान काफिले में उपयोग होने वाले चार वाहनों को कम करने की घोषणा की है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा
डॉ. रमन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि भारत एक परिवार है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के मुखिया के रूप में समय-समय पर राष्ट्रहित में दिशा दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ईंधन संरक्षण और संसाधनों का सीमित उपयोग बेहद जरूरी हो गया है।
अब केवल जरूरी दौरों के लिए ही निकलूंगा
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि वे अब केवल अत्यावश्यक भ्रमण के लिए ही समय निकालेंगे और यात्रा के दौरान वाहनों के उपयोग में संयम बरतेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम केवल ईंधन बचत के लिए नहीं, बल्कि जिम्मेदार प्रशासन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी अपील की कि जहां तक संभव हो सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और अनावश्यक निजी वाहनों के इस्तेमाल से बचें।

CM विष्णुदेव साय ने भी शुरू की नई पहल
वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी ईंधन संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि उनके काफिले में अब केवल आवश्यक वाहन ही शामिल होंगे। साथ ही राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से शासकीय वाहनों को इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी सरकारी संसाधनों के संयमित उपयोग की अपील की है। उनका कहना है कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से बड़ा सकारात्मक असर पैदा किया जा सकता है।
EV की ओर बढ़ेगा छत्तीसगढ़
राज्य सरकार आने वाले समय में अधिकतर सरकारी वाहनों को इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने की तैयारी कर रही है। इससे पेट्रोल-डीजल की खपत कम होगी, प्रदूषण घटेगा और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। सरकार की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






