रायगढ़ की जूनियर महिला वकील की निर्मम हत्या से सनसनी, विरोध में सड़कों पर उतरे अधिवक्ता

रायगढ़। पूंजीपथरा क्षेत्र के कटेल टिकरा जंगल में बीते 12 मई को मिली नग्न और क्षत-विक्षत लाश की पहचान रायगढ़ कोर्ट की एक जूनियर महिला अधिवक्ता के रूप में हुई है। मूल रूप से लैलूंगा-तमनार क्षेत्र की रहने वाली युवती की हत्या जिस बर्बरता के साथ की गई, उसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। घटना के विरोध में शुक्रवार को रायगढ़ के अधिवक्ताओं ने काम बंद कर प्रदर्शन किया और आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग उठाई।
जंगल में नग्न हालत में मिला था शव, चेहरे को पत्थर से कुचलने का आरोप
जानकारी के अनुसार 12 मई की दोपहर पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के कटेल टिकरा स्थित सरकारी जमीन पर युवती का शव औंधे मुंह पड़ा मिला था। शव पूरी तरह नग्न अवस्था में था। गर्दन पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे, जबकि चेहरे और सिर को भारी पत्थर से कुचल दिया गया था।
पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर (अपराध क्रमांक 108/2026) में बीएनएस की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटनास्थल पर बिखरे सामान और खून के निशान वारदात की भयावहता बयान कर रहे थे।
हत्या के बाद भी मृतका के मोबाइल से भेजे जाते रहे मैसेज
मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया है कि वारदात के बाद भी मृतका के मोबाइल नंबर से उसके परिचितों और दोस्तों को लगातार मैसेज भेजे जाते रहे।
सूत्रों के मुताबिक, युवती घटना वाले दिन अपने घर से यह कहकर निकली थी कि वह पूंजीपथरा क्षेत्र में किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही है। इसके बाद जब वह लापता हुई, तब भी उसके मोबाइल से संदेश भेजे जाते रहे, ताकि परिजनों और करीबियों को किसी अनहोनी का शक न हो।
अब साइबर सेल की टीम मोबाइल मैसेज, लोकेशन और डिजिटल गतिविधियों की जांच में जुटी हुई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती की मौत के बाद मोबाइल कौन चला रहा था और उस दौरान उसकी लोकेशन कहां थी।
आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश
घटना के कई दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से अधिवक्ता समुदाय में भारी नाराजगी देखी जा रही है। शुक्रवार को रायगढ़ कोर्ट में अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर मृतका को श्रद्धांजलि दी और शोक सभा आयोजित की।
इसके बाद अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकीलों ने पैदल मार्च निकालकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने मामले की त्वरित जांच कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग की।
जिले में दहशत और आक्रोश का माहौल
इस हत्याकांड ने पूरे रायगढ़ जिले में सनसनी फैला दी है। महिला अधिवक्ता के साथ हुई इस निर्मम वारदात को लेकर लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की जांच के लिए तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल डाटा और अन्य पहलुओं पर लगातार काम कर रही है।






