पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह से रायगढ़ में उमड़ी भीड़, टंकी फुल कराने पंपों पर लगी लंबी कतारें

रायगढ़। जिले में बीते कुछ दिनों से पेट्रोल-डीजल आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों और कीमतों में बढ़ोतरी की चर्चा के बीच शहर के पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। गुरुवार देर रात तक जहां पंपों में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, वहीं शुक्रवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग टंकी फुल कराने पहुंचते रहे।
अफवाह और बढ़ती कीमतों की चर्चा के बीच उपभोक्ताओं में बढ़ी चिंता
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल-डीजल की संभावित किल्लत की खबरें फैलने के बाद लोग एहतियात के तौर पर अपने वाहनों की टंकियां फुल कराने में जुटे हुए हैं। कुछ लोग इसे महज अफवाह बता रहे हैं, जबकि कई उपभोक्ताओं का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी के कारण वे पहले से ही ईंधन भरवाने पहुंच रहे हैं।
लोगों का कहना था कि कीमतों में अभी तीन से चार रुपये तक की वृद्धि हुई है और यदि आपूर्ति प्रभावित हुई तो दरें और बढ़ सकती हैं। इसी आशंका के चलते शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर सुबह से देर शाम तक भीड़ बनी रही।
टंकी के साथ बोतल और डिब्बों में भी ईंधन भराने पहुंचे लोग
स्थिति ऐसी रही कि कई लोग वाहनों के अलावा बोतल और डिब्बे लेकर भी पेट्रोल पंप पहुंचे, ताकि अतिरिक्त ईंधन का भंडारण किया जा सके। हालांकि पंप संचालकों ने सुरक्षा कारणों और प्रशासनिक निर्देशों का हवाला देते हुए बोतलों और डिब्बों में पेट्रोल देने से साफ इनकार कर दिया।
इसके चलते कई लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। वहीं कुछ लोग वाहन में पेट्रोल भरवाकर घर जाकर उसे बोतलों में खाली करने के बाद दोबारा पंप पहुंचते भी नजर आए।
पंप कर्मचारियों ने कहा- आपूर्ति सामान्य, लोग बेवजह हो रहे पैनिक
पेट्रोल पंप कर्मचारियों के अनुसार पहले पेट्रोल की कीमत 101.42 रुपये प्रति लीटर थी, जो बढ़कर 104.53 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल का दाम 94.36 रुपये से बढ़कर 97.52 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
कर्मचारियों ने बताया कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और नियमित रूप से सप्लाई जारी है। इसके बावजूद अफवाहों के कारण लोग आवश्यकता से अधिक मात्रा में ईंधन भरवा रहे हैं।
स्टेशन चौक पेट्रोल पंप पर बनी विवाद की स्थिति
गुरुवार रात स्टेशन चौक स्थित पेट्रोल पंप पर भीड़ के दौरान विवाद की स्थिति भी निर्मित हो गई थी, हालांकि कुछ समय बाद मामला शांत हो गया। वर्तमान में पंपों पर बढ़ती भीड़ के कारण बहस और तनाव की स्थिति लगातार बन रही है।
बताया जा रहा है कि बोतलों और डिब्बों में पेट्रोल देने पर रोक के बाद कई लोग कर्मचारियों से बहस कर रहे हैं। हालांकि पंप संचालकों का कहना है कि यह निर्णय प्रशासनिक निर्देशों के तहत लिया गया है और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसका पालन किया जा रहा है।






