छत्तीसगढ़रायगढ़

अग्रोहा धाम में भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान का आगाज, ‘सत्ता नहीं राष्ट्र निर्माण’ के संकल्प के साथ वैचारिक मंथन शुरू

Advertisement

रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी के बहुप्रतीक्षित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण महाअभियान का मंगलवार को अग्रोहा धाम में भव्य शुभारंभ हुआ। “सत्ता नहीं, राष्ट्र निर्माण” के संकल्प के साथ आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में पहले दिन कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां डिजिटल पंजीयन और प्रशिक्षण प्रक्रिया को लेकर गहमागहमी बनी रही।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह जलपान, पंजीकरण एवं प्रशिक्षण शुल्क के डिजिटल भुगतान के साथ हुई। कार्यकर्ताओं ने क्यूआर कोड स्कैन कर पारदर्शी व्यवस्था के तहत अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इसके बाद “विकास यात्रा” प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया, जिसमें भाजपा की वैचारिक यात्रा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद से लेकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।

उद्घाटन सत्र में राष्ट्रवाद और संगठन पर हुआ मंथन

उद्घाटन सत्र दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम के साथ प्रारंभ हुआ। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं ने प्रशिक्षण वर्ग के महत्व और देश के समक्ष राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा के लिए सत्ता अंतिम लक्ष्य नहीं है, बल्कि सत्ता के माध्यम से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना प्राथमिक उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति हैं और उनमें भविष्य के नेतृत्व की क्षमता मौजूद है।

सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि भाजपा सत्ता को साध्य नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा का माध्यम मानती है। वहीं राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सत्ता का आकर्षण क्षणिक हो सकता है, लेकिन भारत के गौरव का सपना स्थायी और व्यापक है।

जिला भाजपा अध्यक्ष अरुण धर दीवान ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद का उल्लेख करते हुए कहा कि अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही भाजपा की विचारधारा की मूल भावना है।

बूथ से लेकर भारत विजय तक की रणनीति पर होगा मंथन

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें बूथ स्तर तक प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तैयार करेगा। आने वाले दो दिनों में बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया, जनसंपर्क और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

जिला प्रशिक्षण प्रमुख विकास केड़िया ने बताया कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत और तकनीकी रूप से दक्ष बनाना इस प्रशिक्षण अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम” के उद्घोष के साथ प्रशिक्षण महाअभियान का स्वागत किया।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button